बीकानेर: ट्रैक्टर-बाइक की टक्कर में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, इस जगह हुआ था हादसा
बीकानेर: ट्रैक्टर-बाइक की टक्कर में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, इस जगह हुआ था हादसा
बीकानेर। समीपवर्ती मोखमपुरा लिंक रोड पर ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में गंभीर घायल हुए युवक की बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद युवक को महाजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से बीकानेर रेफर किया गया था। उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक का शव पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। जानकारी के अनुसार, मोखमपुरा निवासी बालाराम का 19 वर्षीय पुत्र भीमसेन गवारिया अपने बहनोई लूणकरणसर निवासी शिवलाल पुत्र हड़मानाराम के साथ बाइक पर सवार होकर पल्लू माताजी के धोक लगाने जा रहा था। मोखमपुरा गांव से निकलते ही राजमार्ग के पास ठेकेदार के ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि शिवलाल उछलकर दूर जा गिरा, जबकि भीमसेन गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद राहगीर घायल भीमसेन को लेकर महाजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, लेकिन शनिवार देर रात उपचार के दौरान भीमसेन की मौत हो गई। मृतक के रिश्तेदार मनीराम पुत्र सहीराम गवारिया निवासी रावतसर, हाल मोखमपुरा ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। महाजन पुलिस के बीकानेर पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाने सहित आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ