बड़ी खबर: निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरा, 6 मजदूरों की मौत, 3 को सुरक्षित निकाला गया
बड़ी खबर: निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरा, 6 मजदूरों की मौत, 3 को सुरक्षित निकाला गया
हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने से बड़ा हादसा हो गया। देर रात करीब 2 बजे हुए इस हादसे में 6 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 3 मजदूरों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे के बाद मौके पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया, जो करीब साढ़े सात घंटे तक चला। उत्तर प्रदेश ब्रिज कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक धर्मवीर सिंह ने बताया कि तेज आंधी और बारिश के कारण पुल का स्लैब गिर गया, जिसके नीचे सो रहे मजदूर मलबे में दब गए। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।
मौसम विभाग के अनुसार हादसे के समय क्षेत्र में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली थी। घटना हमीरपुर शहर से करीब 25 किलोमीटर दूर ललपुरा क्षेत्र में हुई। मृतकों में चार मजदूर बांदा जिले तथा दो मजदूर हमीरपुर जिले के निवासी बताए गए हैं। एसडीआरएफ अधिकारियों के मुताबिक रात करीब ढाई बजे शुरू किया गया रेस्क्यू ऑपरेशन सुबह तक जारी रहा। फिलहाल बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है, लेकिन एहतियात के तौर पर मलबा हटाने का काम जारी है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अन्य व्यक्ति उसके नीचे दबा न हो।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुल निर्माण कार्य दो शिफ्टों में चल रहा था। हादसे के समय पहली शिफ्ट के मजदूर पुल के नीचे मौजूद थे, जबकि दूसरी शिफ्ट के कुछ मजदूर पुल पर कार्य कर रहे थे। तेज आंधी आने पर मजदूर बचाव के लिए पुल पर ही लेट गए, तभी अचानक स्लैब का हिस्सा गिर गया और हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम द्वारा बेतवा नदी पर करीब 90 करोड़ रुपये की लागत से दो लेन का पुल बनाया जा रहा है। लगभग 700 मीटर लंबे इस पुल का निर्माण मोराकांड और कुरारा गांव के बीच किया जा रहा है। परियोजना का कार्य मार्च 2024 में शुरू हुआ था और इसे दिसंबर 2026 तक पूरा किया जाना प्रस्तावित है।
हादसे के बाद प्रशासन और निर्माण एजेंसी के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया है। घटना ने निर्माण कार्यों की सुरक्षा व्यवस्था और गुणवत्ता को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ