NEET पेपर लीक मामले में पुणे का केमेस्ट्री प्रोफेसर गिरफ्तार, CBI ने बताया मास्टरमाइंड
NEET पेपर लीक मामले में पुणे का केमेस्ट्री प्रोफेसर गिरफ्तार, CBI ने बताया मास्टरमाइंड
नई दिल्ली। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने NEET (UG) पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुणे के केमेस्ट्री प्रोफेसर पीवी कुलकर्णी को गिरफ्तार किया है। यह इस मामले में अब तक की आठवीं गिरफ्तारी बताई जा रही है।
CBI के अनुसार कुलकर्णी को पेपर लीक का मास्टरमाइंड माना जा रहा है। जांच एजेंसी का दावा है कि आरोपी कई वर्षों तक NEET परीक्षा पेपर तैयार करने वाले पैनल का हिस्सा रह चुका है और उसे परीक्षा प्रणाली तक सीधी पहुंच थी।
जांच में सामने आया है कि कुलकर्णी पुणे में अपने घर से कोचिंग क्लास संचालित करता था। आरोप है कि उसने परीक्षा से पहले छात्रों को संभावित सवाल और उनके सही जवाब बताए। बताया जा रहा है कि अप्रैल के अंतिम सप्ताह में आरोपी ने मनीषा वाघमारे की मदद से कई छात्रों तक लीक पेपर पहुंचाया था।
टेलीग्राम ग्रुप पर वायरल हुआ पेपर
CBI जांच में यह भी सामने आया है कि NEET 2026 का कथित पेपर 1 मई को एक टेलीग्राम ग्रुप पर साझा किया गया था। “प्राइवेट माफिया” नाम के ग्रुप में रात करीब 11:30 बजे एक PDF फाइल डाली गई थी, जिसमें सेट नंबर 12 दिखाई दे रहा था।
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वायरल PDF वास्तविक लीक पेपर ही था या नहीं।
पेपर लीक से परेशान छात्रों के सुसाइड की खबर
इधर पेपर लीक मामले के बाद छात्रों में भारी तनाव देखने को मिल रहा है। दिल्ली की 20 वर्षीय छात्रा, उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के 21 वर्षीय युवक और गोवा के 17 वर्षीय छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने की खबर सामने आई है।
NEET पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में जांच तेज कर दी गई है और CBI लगातार आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ