युवक पर जानलेवा हमले व हत्या की साजिश् रचने का मामला आया सामने, पिस्टल तक तानी
युवक पर जानलेवा हमले व हत्या की साजिश् रचने का मामला आया सामने, पिस्टल तक तानी
बीकानेर। मुक्ताप्रसाद नगर थाना क्षेत्र में एक युवक पर जानलेवा हमले और हत्या की साजिश रचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने पहले कार और मोटरसाइकिल से टक्कर मारकर युवक को घायल करने का प्रयास किया, फिर उस पर पिस्टल तान दी। हालांकि तकनीकी खराबी के कारण पिस्टल से फायर नहीं हो सका। पीडि़त ने यह भी आरोप लगाया है कि उसे जान से मरवाने के लिए सुपारी दी गई है।पुलिस के अनुसार रामपुरा बस्ती निवासी पनूमचंद उर्फ बंटी पुत्र विजयप्रकाश गहलोत ने मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने रिपोर्ट में बताया कि 10 जून की रात करीब 9:29 बजे से 11:28 बजे के बीच आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से उस पर हमला किया।रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी प्रिंस नायक, नवीन, राजेन्द्र, राघव गहलोत, गणेश सांखला, पंकज और कुनाल ने मिलकर पहले वाहन से टक्कर मारकर उसे नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से पिस्टल तान दी। परिवादी का आरोप है कि पिस्टल में तकनीकी खराबी होने के कारण गोली नहीं चल सकी, अन्यथा उसकी जान जा सकती थी।परिवादी ने रिपोर्ट में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपी विजेंद्र ने उसकी हत्या करवाने के लिए शुभकरण नाम के व्यक्ति को सुपारी दे रखी है। उसे लगातार अपनी जान का खतरा बना हुआ है और आरोपी कभी भी वारदात को अंजाम दे सकते हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पीडि़त ने पुलिस से अपनी सुरक्षा की मांग करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।मुक्ताप्रसाद नगर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपों की सत्यता, घटनास्थल के साक्ष्यों और हमले में प्रयुक्त हथियार की जांच कर रही है। मामले की जांच जारी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ