रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार, पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स से संपर्क का आरोप
रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार, पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स से संपर्क का आरोप
पंजाब की गुरदासपुर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया हरप्रीत सिंह, कोर्ट ने 5 दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा
श्रीगंगानगर। रामसिंहपुर क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर हुए बम ब्लास्ट मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी हरप्रीत सिंह (20) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को शनिवार शाम पंजाब के गुरदासपुर स्थित जेल से प्रोडक्शन वारंट पर श्रीगंगानगर लाया गया। इसके बाद उसे अनूपगढ़ एसीजेएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे 5 दिन के पुलिस रिमांड पर सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पंजाब में फायरिंग के एक मामले में जेल में बंद था। आरोप है कि वह पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स और आईएसआई के इशारे पर काम कर रहा था। 3 नवंबर 2026 को रामसिंहपुर में हुए रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में गिरफ्तार महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह से भी उसका संपर्क था। बताया जा रहा है कि हरप्रीत दोनों आरोपियों का दोस्त है।
पाकिस्तान में बैठे हैंडलर से संपर्क का आरोप
जांच के दौरान पुलिस को हरप्रीत के मोबाइल फोन से कुछ साझा की गई लोकेशन और पाकिस्तान में हुई बातचीत से जुड़े साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, रेलवे ट्रैक ब्लास्ट के लिए जरूरी लोकेशन उपलब्ध करवाने में भी हरप्रीत की भूमिका होने का आरोप है।
जांच में यह भी सामने आया है कि अकाली वर्कर कैप्टन सिंह की हत्या की साजिश के लिए पाकिस्तान से हरप्रीत को पैसे भेजे गए थे। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और रेलवे ट्रैक ब्लास्ट में उसकी भूमिका की जानकारी जुटा रही है।
अकाली वर्कर पर भी की थी फायरिंग
हरप्रीत सिंह पंजाब के गुरदासपुर जिले के कलानौर थाना क्षेत्र के गांव शाहूर का निवासी है। आरोप है कि उसने 24 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:15 बजे अकाली वर्कर कैप्टन सिंह पर फायरिंग की थी।
बताया गया कि कैप्टन सिंह बेलर से पराली की गांठें बनाने का काम खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के एक युवक ने उन पर गोली चला दी। कैप्टन सिंह ने बचने के लिए नीचे झुककर खुद को संभाला, जिससे गोली उनके सिर पर बंधे परने को आर-पार करती हुई निकल गई। इस घटना में उनकी जान बच गई।
फायरिंग के बाद राजस्थान आ गया था आरोपी
कैप्टन सिंह के अनुसार, उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। थाना कलानौर पुलिस ने कैप्टन सिंह के बयान के आधार पर हरप्रीत सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था।
फायरिंग के बाद हरप्रीत राजस्थान आ गया था। अब रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसके पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स और अन्य आरोपियों के साथ संपर्कों की जांच कर रही है।
मामले की जांच कर रहे आईपीएस नितिन चौधरी ने बताया कि आरोपी हरप्रीत के मोबाइल फोन से कुछ साझा की गई लोकेशन बरामद हुई हैं। आरोपी देवेंद्र और महकदीप के संपर्क में था। पुलिस रिमांड के दौरान उससे इन सभी पहलुओं पर पूछताछ की जाएगी।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ