नगर निकाय चुनाव: नोखा और लूणकरणसर में OBC, नापासर में SC महिला के लिए अध्यक्ष पद आरक्षित
नगर निकाय चुनाव: नोखा और लूणकरणसर में OBC, नापासर में SC महिला के लिए अध्यक्ष पद आरक्षित
बीकानेर। प्रदेश में आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर गुरुवार को नगर पालिकाओं के अध्यक्ष, नगर परिषद के सभापति और नगर निगमों के महापौर पदों के आरक्षण की लॉटरी निकाली गई। आरक्षण प्रक्रिया के बाद बीकानेर जिले की विभिन्न नगर पालिकाओं के अध्यक्ष पदों की स्थिति भी स्पष्ट हो गई है। वहीं बीकानेर नगर निगम के महापौर पद के आरक्षण की घोषणा का इंतजार है।
नोखा में OBC सामान्य वर्ग को मौका
नोखा नगर पालिका के अध्यक्ष पद को OBC सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। ऐसे में यहां अन्य पिछड़ा वर्ग के महिला या पुरुष दोनों ही अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ सकेंगे। आरक्षण के बाद स्थानीय राजनीतिक समीकरणों में भी बदलाव की संभावना है।
लूणकरणसर भी OBC सामान्य के लिए आरक्षित
लूणकरणसर नगर पालिका के अध्यक्ष पद का आरक्षण भी OBC सामान्य वर्ग के लिए हुआ है। लूणकरणसर में कुल 35 वार्ड हैं। इससे पहले यह क्षेत्र ग्राम पंचायत था और वर्ष 2024 में इसे नगर पालिका का दर्जा दिया गया था। ग्राम पंचायत रहते हुए भंवरी देवी सरपंच निर्वाचित हुई थीं। नगर पालिका बनने के बाद भी उन्हें अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिली थी। अब आगामी चुनाव में OBC वर्ग से महिला या पुरुष अध्यक्ष बनने का रास्ता साफ हो गया है।
खाजूवाला में भी OBC महिला या पुरुष बन सकेंगे अध्यक्ष
खाजूवाला की नवगठित नगर पालिका के अध्यक्ष पद को भी OBC सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। ऐसे में यहां OBC वर्ग से महिला या पुरुष प्रत्याशी अध्यक्ष पद के लिए चुनाव मैदान में उतर सकेंगे।
नापासर में SC महिला के लिए अध्यक्ष पद आरक्षित
नापासर नगर पालिका के अध्यक्ष पद को अनुसूचित जाति (SC) महिला के लिए आरक्षित किया गया है। नापासर नगर पालिका में कुल 25 वार्ड हैं। इससे पहले ग्राम पंचायत के समय सरपंच पद सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित था और सरला देवी तावनिया निर्दलीय सरपंच निर्वाचित हुई थीं। बाद में नगर पालिका बनने के बाद उन्होंने अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी संभाली थी। अब नए आरक्षण के चलते आगामी चुनाव में SC वर्ग की महिला प्रत्याशी ही अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी कर सकेंगी।
बीकानेर नगर निगम के आरक्षण पर नजर
बीकानेर नगर निगम में कुल 80 वार्ड हैं। पिछले चुनाव में यहां भाजपा का बोर्ड बना था और सुशीला राजपुरोहित महापौर बनी थीं। अब आगामी नगर निकाय चुनाव के लिए बीकानेर नगर निगम के महापौर पद का आरक्षण किस वर्ग के लिए होगा, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
वर्ष 2026 में जारी नवीनतम विशेष मतदाता सूची के अनुसार पूरे बीकानेर जिले में कुल 17,50,408 मतदाता हैं। नगर निकायों में आरक्षण की स्थिति स्पष्ट होने के बाद अब राजनीतिक दलों और संभावित प्रत्याशियों की सक्रियता बढ़ने की संभावना है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ