बीकानेर में दर्दनाक सड़क हादसा: एक ही बाइक पर सवार तीन भाइयों की मौत, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
बीकानेर में दर्दनाक सड़क हादसा: एक ही बाइक पर सवार तीन भाइयों की मौत, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
बीकानेर। बीकानेर में देर रात उदयरामसर बायपास पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही बाइक पर सवार तीन भाइयों की मौत हो गई। हादसा जोधपुर हाईवे पर पलाना और उदयरामसर के बीच उदयरामसर प्याऊ के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार, तीनों भाई एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान स्वरूपदेसर निवासी तोलाराम (21), महेंद्र (25) और चंदाराम (23) के रूप में हुई है। तीनों आपस में सगे भाई बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस अब बाइक को टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
एम्बुलेंस में देरी पर भाजपा जिलाध्यक्ष नाराज
हादसे की सूचना मिलने पर देर रात भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया भी मौके पर पहुंचे। मौके पर एम्बुलेंस के देरी से पहुंचने को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई। बताया गया कि समय पर सूचना दिए जाने के बावजूद चिकित्सा सहायता पहुंचने में देरी हुई।
इसको लेकर पंचारिया ने देर रात कई अधिकारियों से फोन पर बात की और समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध नहीं होने पर सवाल उठाए।
स्वरूपदेसर में छाया मातम
तीनों भाइयों की मौत की खबर स्वरूपदेसर गांव पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। एक ही परिवार के तीन युवाओं की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी गम का माहौल है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के जिम्मेदार अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ