बीकानेर में बिगड़ी ट्रैफिक व्यवस्था, पुलिस केवल केईएम रोड में व्यस्त
बीकानेर में बिगड़ी ट्रैफिक व्यवस्था, पुलिस केवल केईएम रोड में व्यस्त
-कुशाल सिंह मेडतियां
बीकानेर। दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही शहर में सजावट और बाजारों को व्यवस्थित करने का काम शुरू हो गया है। प्रशासन की ओर से शहर की व्यवस्थाओं को सुधारने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन दूसरी ओर शहर की यातायात व्यवस्था बदहाल नजर आ रही है। बाजारों और प्रमुख सड़कों पर लगने वाले जाम से आमजन और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खास बात यह है कि ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर कुछ स्थानों पर ध्यान दिया जा रहा है, लेकिन शहर के कई महत्वपूर्ण मार्गों पर अब तक कोई ठोस ट्रैफिक प्लान नजर नहीं आ रहा है। ट्रैफिक पुलिस भी केवल केईएम रोड पर अधिक ध्यान दे रही है। जबकि शहर में अन्य जगहों पर दिनभर जाम की स्थिति देखने को मिल रही है। रोशनी घर चौराहे से डाकघर तक जाने वाली सड़क पर इन दिनों लंबा जाम लगना आम बात हो गई है। इस मार्ग पर दुकानदारों की ओर से दुकानों के बाहर सामान रखकर अतिक्रमण किया जा रहा है। सड़क के दोनों तरफ सामान फैलाए जाने के कारण पहले से सीमित सड़क और संकरी हो जाती है। इसके चलते एक साथ दो वाहनों के निकलने में भी परेशानी होती है। दीपावली के सीजन में बाजारों में ग्राहकों की भीड़ बढ़ने के साथ ही यहां यातायात का दबाव भी लगातार बढ़ने की आशंका है।
ट्रैफिक प्रबंधन की जरूरत
इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए तीन प्रमुख बिंदुओं पर ट्रैफिक प्रबंधन की जरूरत है। पहला पॉइंट डाकघर, दूसरा संबंधित चौराहा और तीसरा रोशनी घर चौराहा निर्धारित किया जाना चाहिए। इन तीनों स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था होने से वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित किया जा सकता है। साथ ही आवश्यकता के अनुसार वन-वे व्यवस्था, नो-पार्किंग जोन और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की जानी चाहिए। इससे सड़क पर अनावश्यक रूप से लगने वाले जाम को कम किया जा सकता है।
पब्लिक पार्क के पास भी ये ही स्थिति
वहीं, पब्लिक पार्क के तीनों गेटों पर भी यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। यहां मरम्मत और पिलर लगाने का काम चलने के कारण सड़क के आसपास मिट्टी डाली गई है और आवागमन के लिए उपलब्ध जगह कम हो गई है। ऐसे में वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही है और जाम की स्थिति बन रही है। इस स्थान पर भी यातायात को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती जरूरी है। लेकिन मौके पर पुलिसकर्मी नजर नहीं आने के कारण वाहन चालक अपनी सुविधानुसार वाहन निकालने का प्रयास करते हैं, जिससे अव्यवस्था और बढ़ जाती है। अंबेडकर सर्किल और शहर के अन्य प्रमुख सर्किलों पर भी दीपावली के दौरान यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। ऐसे में केवल कुछ सड़कों और अस्थायी दुकानों को लेकर योजना बनाने से यातायात व्यवस्था में सुधार संभव नहीं है। प्रशासन को शहर के सभी प्रमुख चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले मार्गों को ध्यान में रखते हुए व्यापक ट्रैफिक प्लान तैयार करना होगा।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ