बीकानेर: जेल में दीवार के ऊपर से बंदियों के लिए फेंके 3 पैकेट, निकला ये
बीकानेर: जेल में दीवार के ऊपर से बंदियों के लिए फेंके 3 पैकेट, निकला ये
बीकानेर। केन्द्रीय कारागृह में अज्ञात लोगों ने देर रात को दीवार के ऊपर से बंदियों के लिए तीन पैकेट फेंके जो अंदर दो नंबर वार्ड में गिरे। जेल कर्मचारियों ने पैकेट बरामद कर लिए जिसमें जर्दे के करीब 60 पाउच और बीड़ी के 4 बंडल हैं। 31 अगस्त की देर रात को अज्ञात लोग जेल परिसर पहुंचे और वहां स्टॉफ कर्मचारियों के क्वाटर्स के बीच से जेल की दीवार के ऊपर से तीन पैकेट अंदर फैंक दिए। तीनों पैकेट जेल के अंदर दो नंबर वार्ड में जाकर गिरे। जेल में गश्त कर रहे कर्मचारियों को संदिग्ध पैकेट बरामद हुए और उन्होंने अधिकारियों को सूचना दी। मंगलवार को सुबह तीनों संदिग्ध पैकेट बीछवाल थाना पुलिस को सौंप दिए गए। पैकेट में जर्दे के करीब 60 पाउच और बीड़ी के चार बंडल बताए जा रहे हैं। थ्रो करने वाले कौन थे, इसका पता नहीं चला है। बीछवाल पुलिस थाने में प्रहरी गुलवीरसिंह की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है जिसकी जांच एएसआई खेतसिंह को सौंपी गई है।
बार-बार थ्रो, पकड़ में नहीं आ रहे आरोपी जेल परिसर में सीसी टीवी कैमरे लगे हैं। टॉवर पर आरएसी के जवानों की ड्यूटी लगती है। होमगार्ड के जवान जेल परिसर में गश्त करते हैं। इसके बावजूद अज्ञात लोग जेल परिसर में पहुंचकर दीवार के ऊपर से थ्रो कर जर्दा, बीड़ी व अन्य संदिग्ध सामग्री बंदियों तक पहुंचा देते हैं। इससे जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लग रहा है। अज्ञात लोगों ने दीवार के ऊपर से हथियार फेंके और वे बंदियों के हाथ लग गए तो खून-खराब हो सकता हे। जेल में पूर्व में गैंगवार की अनेक घटनाएं हो चुकी हैं।
कुछ दिन पूर्व अज्ञात लोगों ने जर्दे के पाउच से भरे दो पैकेट फेंके जो दीवार के ऊपर से अंदर नहीं जा पाए और बाहर ही गिर गए थे। यह थ्रो जेल में लगे टॉवर 4 और 6 के बीच से किया गया था। दो लोगों को देखा भी गया, लेकिन वे हाथ नहीं आए। उससे पूर्व 4 नंबर टॉवर के पास जेल की दीवार के ऊपर से ब्राउन टेप चिपकी 5 बॉल बनाकर फेंकी जिनमें से एक अंदर वार्ड नंबर 5 में गिरी और 4 बाहर ही रह गईं। इन सभी बॉल नुमा पैकेट से 153 जर्दे के पाउच बरामद किए गए थे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ