बीकानेर: भ्रमण पर खर्च होंगे इतने करोड़, एक छात्र का आएगा 24090 रुपए का खर्चा
बीकानेर: भ्रमण पर खर्च होंगे इतने करोड़, एक छात्र का आएगा 24090 रुपए का खर्चा
बीकानेर। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में ‘एपीजे अब्दुल कलाम व्यक्तित्व विकास योजना’ के तहत आयोजित होने वाले भ्रमण कार्यक्रमों के लिए बजट अधिकृति जारी कर दी है। निदेशालय स्तर से प्रदेश के सभी नौ संभागों (संयुक्त निदेशक कार्यालयों) के लिए कुल 4 करोड़ 98 लाख 66 हजार 300 रुपए का बजट स्वीकृत किया गया है। जिससे 2070 विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की वित्तीय सलाहकार डॉ. ज्योति बाला व्यास की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह राशि राजकीय विद्यालयों में योजना के क्रियान्वयन और विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास से जुड़े भ्रमण कार्यक्रमों पर नियमानुसार खर्च की जाएगी।
प्रत्येक चयनित विद्यार्थी के हिसाब से 24,090 रुपए की दर से प्रदेश में भ्रमण का बजट का निर्धारण किया गया है। सबसे अधिक 350 विद्यार्थियों के लिए उदयपुर संभाग को 84 लाख 31 हजार 500 रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। वहीं, अजमेर संभाग में 300 विद्यार्थियों के लिए 72 लाख 27 हजार रुपए और जयपुर संभाग में 270 विद्यार्थियों के लिए 65 लाख 4 हजार 300 रुपए आवंटित किए गए हैं। इसके अलावा भरतपुर व जोधपुर संभाग में 250-250 विद्यार्थियों के लिए 60 लाख 22 हजार 500-500 रुपए तथा कोटा संभाग में 200 विद्यार्थियों के लिए 48 लाख 18 हजार रुपए की अधिकृति दी गई है। बीकानेर, चूरू और पाली संभाग में 150-150 विद्यार्थियों के लिए प्रत्येक को 36 लाख 13 हजार 500 रुपए का बजट स्वीकृत हुआ है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ