खुलासा न्यूज,बीकानेर। राज्य सरकार द्वारा वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 2026 का शुभारंभ आगामी 25 मई से प्रदेश भर में किया जाएगा। जिले में इस अभियान के सफल आयोजन को लेकर सोमवार को जिला कलेक्टर निशांत जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को इस अभियान को सफल बनाने और जिले भर में यह अभियान धूमधाम से अच्छे से मनाने हेतु निर्देशित किया।
जिला कलेक्टर ने अभियान में स्कूल, कॉलेज, स्काउट-गाइड, अर्धसैनिक बल, पुलिस, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के नागरिकों सहित सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया। साथ ही अभियान के दौरान आयोजित गतिविधियों को मोबाइल ऐप के माध्यम से कैप्चर कर पोर्टल पर अपलोड करने हेतु कहा।
इससे पूर्व जल ग्रहण विकास के एसई श्री महेश कुमार अजाड़ीवाल ने इस अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान आगामी 25 मई से प्रारंभ होकर 5 जून 2026 (विश्व पर्यावरण दिवस) तक संचालित होगा।अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित गतिविधियों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया जाएगा।
अजाड़ीवाल ने बताया कि अभियान में लगभग 23 विभागों की सहभागिता रहेगी। विभिन्न विभागों द्वारा जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को जनमानस तक पहुंचाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के समुचित उपयोग के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उपखंड स्तर पर संबंधित उपखंड अधिकारी अभियान के नोडल अधिकारी होंगे।
अभियान के दौरान विभिन्न प्रदर्शनियां, जल संरक्षण विषयक विचार संगोष्ठियां, पीपल पूजन एवं अन्य पौधों का रोपण, गाद निकालना, चारागाहों का चिन्हीकरण, जल रिचार्ज की विधियों का प्रचार-प्रसार, नालों एवं जल स्रोतों की सफाई, सड़क किनारे एवं ओरण/चारागाह क्षेत्रों में वृक्षारोपण, सोख्ता गड्ढों का निर्माण, जल सेवा" अभियान, प्रभात फेरी, नो प्लास्टिक डे", बीज बैंक गतिविधियां, घास बुवाई, किसान चौपाल, लघु सिंचाई योजनाओं का प्रचार-प्रसार, पौध वितरण, तालाबों की सफाई तथा "जल गौरव सम्मान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान में गैर सरकारी संस्थाओं, धर्मगुरुओं, व्यापारियों, पर्यावरणविदों, प्रोफेशनल्स, जनप्रतिनिधियों एवं शैक्षणिक संस्थानों को भी आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही विभिन्न स्तरों पर विचार संगोष्ठियां आयोजित कर सीएसआर (ष्टस्क्र) सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा। विदित है कि इस अभियान के अंतर्गत जल शक्ति अभियान, कर्म भूमि से मातृभूमि, हरियालो राजस्थान, एक पेड़ मां के नाम, मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान और स्वच्छ भारत मिशन भी कवर होंगे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ