जाजम लगाकर कलक्टर ने सुनी हर किसी की बात, नन्हें बच्चों ने रखी फरियाद, पढ़ें खबर
खुलासा न्यूज,बीकानेर। जिला कलेक्टर निशान्त जैन ने रविवार को ग्राम पंचायत रायसर में ग्राम रथ अभियान का निरीक्षण किया तथा यहां आयोजित संध्या चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी।
इस दौरान उन्होंने कहा कि ग्राम रथ अभियान राज्य सरकार का अत्यंत महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य अंतिम छोर के व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचा कर उन्हें इनका लाभ दिलाना है।अभियान के तहत ग्राम रथ प्रत्येक ग्राम पंचायत तक पहुंच रहे हैं, इनमें अधिक से अधिक लोग भागीदारी निभाएं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा जयपुर में 23 से 25 मई तक ग्लोबल राजस्थान एग्रोटेक मीट (ग्राम) का आयोजन किया जा रहा है। रायसर के इच्छुक प्रगतिशील किसान भी इसमें भाग ले सकते हैं। इसके लिए सभी व्यवस्थाएं राज्य सरकार द्वारा की जाएगी।
रायसर अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान, यहां पर्यटन विकास की अपार संभावनाए
जिला कलेक्टर ने कहा कि रायसर, पर्यटन विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। राज्य सरकार द्वारा बजट घोषणा में यहां नाइट टूरिज्म के विकास के लिए बजट स्वीकृत किया गया है। उन्होंने बताया कि रविवार को ही उन्होंने सभी अधिकारियों के साथ रायसर का अवलोकन किया और यहां पर्यटन विकास की संभावनाओं के मद्देनजर किए जाने वाले कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने सनसेट प्वाइंट, पार्किंग, हाईमास्क लाइट और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने संबधित संभावनाएं देखी।
जनसुनवाई में आए विभिन्न परिवाद
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने कुल 14 प्रकरण प्रस्तुत किए। इनमें अटल गौरव पथ बनाने, ग्राम पंचायत में साफ-सफाई की प्रभावी व्यवस्था करने, जमाबंदी में नाम संशोधन, आंधी-तूफान के कारण क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर और विद्युत पोल को दुरुस्त करने जैसे प्रकरण सम्मिलित थे। जिला कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को इस संबंध में समयबद्ध कार्यवाही के लिए निर्देशित किया।
स्कूली बच्चों ने कहा - ग्राम पंचायत में बने पार्क, स्कूल में हो विज्ञान संकाय
संध्या चौपाल के दौरान 11वीं कक्षा में पढऩे वाले मोहित ने ग्राम पंचायत में उद्यान विकसित करने तथा गांव में रोड लाइटें लगाने की आवश्यकता जताई। जिला कलेक्टर ने बताया कि जिला परिषद द्वारा इस सम्बन्ध में आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। वहीं महिपाल सिंह ने ग्राम पंचायत के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विज्ञान संकाय प्रारंभ करने की आवश्यकता जताई। महिपाल ने कहा कि यह संकाय प्रारंभ होने से बच्चों को विज्ञान संकाय की पढ़ाई करने गांव से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। जिला कलेक्टर ने कहा कि इसका परीक्षण करवाकर आवश्यक कार्यवाही करवाई जाएगी।
जनगणना प्रक्रिया की दी जानकारी, मंगला पशु बीमा के लिए सर्वे करवाने के दिए निर्देश
जिला कलेक्टर ने पशुपालन विभाग के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी को निर्देश दिए कि मंगला पशु बीमा के लाभ से कोई भी पशुपालक वंचित नहीं रहे, इसके मद्देनजर विभाग द्वारा आवश्यक सर्वे करवाया जाए तथा पात्रता के अनुसार सभी पशुपालकों के पशुओं का बीमा करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने जनगणना-2027 के दोनों चरणों की जानकारी दी और कहा कि 15 मई तक सभी स्वगणना करें तथा 16 मई से 14 जून तक घर-घर आने वाले प्रगणक को सभी सूचनाएं सही सही बताएं। इस दौरान स्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी तथा लू-तापघात से बचाव के उपाय भी बताए गए।
चौपाल में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे, श्याम पंचारिया, ओम सारस्वत, तहसीलदार नीतीश कांत, विकास अधिकारी साजिया तबस्सुम, दिलीप सिंह आडसर, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक मदन लाल, उद्यानिकी के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत, पर्यटन अधिकारी पवन शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ