पवित्र श्रावण मास की मासिक शिवरात्रि पर श्री नवलेश्वर मठ में रात्रि चार पहर विशेष पूजा-अभिषेक संपन्न
पवित्र श्रावण मास की मासिक शिवरात्रि पर श्री नवलेश्वर मठ में रात्रि चार पहर विशेष पूजा-अभिषेक संपन्न
अष्टाध्यायी रुद्री पाठ एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ रात्रि जागरण,ब्रह्म मुहूर्त में आरती के साथ अनुष्ठान संपन्न.....
बीकानेर|पवित्र श्रावण मास की मासिक शिवरात्रि के पावन पर्व पर श्री नवलेश्वर मठ सिद्धपीठ,श्री विवेकनाथ जी की बगेची,नत्थूसर बास, बीकानेर में श्री नवलेश्वर महादेव मंदिर में रात्रि चार पहर की विशेष पूजा-अभिषेक एवं धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धा,भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के साथ पूज्य श्री श्री 108 योगी शिवसत्यनाथ जी महाराज के पावन सान्निध्य आयोजित किया गया। नवलेश्वर मठ के सेवादार नंदकिशोर गहलोत के अनुसार इस विशेष अनुष्ठान में प्रथम पहर की पूजा रात्रि 9 बजे से प्रारंभ हुई। इसके बाद रात्रि के चारों पहरों में विधि-विधान के साथ भगवान शिव का विशेष पूजन, अभिषेक एवं अष्टाध्यायी रुद्री पाठ किया गया। प्रत्येक पहर में वैदिक मंत्रोच्चार एवं शिव आराधना के साथ श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जल,दुग्ध,शहद, घृत एवं दिव्य द्रव्यों की सामग्री से अभिषेक कर सर्वकल्याण, सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।
रात्रि भर चले इस आध्यात्मिक अनुष्ठान का चतुर्थ एवं अंतिम पहर ब्रह्म मुहूर्त में संपन्न हुआ तथा प्रातः लगभग 5 बजे विशेष आरती के साथ चार पहर की पूजा एवं अनुष्ठान विधिवत संपन्न हुआ। इस दौरान मठ परिसर वैदिक मंत्रोच्चार, रुद्री पाठ एवं भगवान शिव के जयकारों से गुंजायमान रहा।
विशेष पूजा-अभिषेक एवं धार्मिक अनुष्ठान पंडित नारायण जी ओझा,गणेशजी, राधेजी ओझा,जीतू जी जोशी,लोकेश जोशी एवं गोरव जी बोहरा ने संयुक्त रूप से विधि-विधान एवं वैदिक परंपरा के अनुसार संपन्न कराया। अष्टाध्यायी रुद्री पाठ एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई आराधना से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम में श्री नवलेश्वर मठ सिद्ध पीठ के ट्रस्टी शिवजी गहलोत,द्वारकाप्रसाद पचीसिया सहित अन्य ट्रस्टी गण उपस्थित रहे वहीं गौरीशंकर सेवक,अमित तंवर, कृष्णगोपाल सांखला,मनोहरसिंह,अर्जुन सोलंकी सहित अनेक श्रद्धालुओं ने पूज्य महाराज जी के सान्निध्य में पूजा अर्चना की बड़ी संख्या में उपस्थित मातृशक्ति, युवा और वरिष्ठजन श्रद्धालुओं ने परिवार समाज समस्त मानव समाज के सुख शांति आरोग्य एवं कल्याण की प्रार्थना की
आयोजन में सहभागिता करने वाले सभी श्रद्धालुभक्तों, ट्रस्टीगण, पंडितों, सेवादारों एवं सभी शिव भक्तों को श्री नवलेश्वर मठ सिद्धपीठ महंत श्री श्री 108 योगी शिवसत्यनाथ जी महाराज ने आशीर्वाद व प्रसाद वितरण किया
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ