अस्पताल में प्रसूता की मौत के बाद देर रात समझौता, नवजात के पालन-पोषण के लिए मिलेंगे 5 लाख रुपये
अस्पताल में प्रसूता की मौत के बाद देर रात समझौता, नवजात के पालन-पोषण के लिए मिलेंगे 5 लाख रुपये
महाजन। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की गैरमौजूदगी के बीच प्रसव के बाद 26 वर्षीय प्रसूता कोमल की मौत के मामले में शनिवार देर रात परिजनों और चिकित्सा विभाग के अधिकारियों के बीच समझौता हो गया। ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में धरना देकर चिकित्सा व्यवस्था में सुधार और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार, महाजन निवासी गजानंद ओझा की पुत्री कोमल को शनिवार को प्रसव के लिए सीएचसी में भर्ती करवाया गया था। आरोप है कि उस समय अस्पताल में कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था और एएनएम की मौजूदगी में प्रसव करवाया गया। प्रसव के करीब एक घंटे बाद कोमल की तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए तथा चिकित्सकों की अनुपस्थिति और चिकित्सा व्यवस्था को लेकर आक्रोश जताते हुए धरने पर बैठ गए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
चार घंटे की वार्ता के बाद बनी सहमति
देर शाम बीकानेर से सीएमएचओ डॉ. पुखराज साध, ब्लॉक सीएमएचओ डॉ. विभय तंवर और डॉ. विजेंद्र मांझू महाजन पहुंचे। नायब तहसीलदार सुरेश डारा और सीओ रणवीर सिंह साईं की मौजूदगी में अधिकारियों और परिजनों के बीच करीब चार घंटे तक वार्ता चली। शुरुआत में सहमति नहीं बन पाई, लेकिन देर रात मांगें स्वीकार किए जाने के बाद समझौता हो गया।
इन मांगों पर बनी सहमति
समझौते के अनुसार:
-
नवजात शिशु की देखभाल और पालन-पोषण के लिए परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
-
महाजन सीएचसी में तीन चिकित्सकों की स्थायी नियुक्ति होगी।
-
अरजनसर अस्पताल में एक चिकित्सक की नियुक्ति की जाएगी।
-
महाजन अस्पताल में आवश्यक जांच उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे।
-
संबंधित चिकित्साकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
समझौते के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया तथा प्रसूता का शव उठाया। इस दौरान प्रभुदयाल सारस्वत, अरजनसर सरपंच लक्ष्मीनारायण ओझा, पूर्व उपप्रधान शिवरतन शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष सावण पुरोहित सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ