बीकानेर: एक कैबिनेट मंत्री और एक केंद्रीय मंत्री भी नहीं बचा पाए भाजपा की साख
बीकानेर: एक कैबिनेट मंत्री और एक केंद्रीय मंत्री भी नहीं बचा पाए भाजपा की साख
बीकानेर। पंचायत चुनाव के नतीजों ने जिले की ग्रामीण राजनीति में बड़ा सियासी संदेश दिया है। भाजपा के लिए ये परिणाम किसी बड़े झटके से कम नहीं हैं। जिले में एक कैबिनेट मंत्री और एक केंद्रीय मंत्री की मौजूदगी के बावजूद भाजपा ग्रामीण मतदाताओं के बीच अपनी साख बचाने में नाकाम रही। दूसरी ओर कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला परिषद से लेकर पंचायत समितियों तक अपना दबदबा कायम किया। जिला परिषद की कुल 41 सीटों में से कांग्रेस ने 30 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया, जबकि भाजपा महज 8 सीटों पर सिमट गई। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) को 2 और माकपा को 1 सीट मिली। चुनाव परिणामों ने साफ कर दिया कि इस बार ग्रामीण मतदाताओं का रुझान भाजपा के मुकाबले कांग्रेस की ओर अधिक रहा। पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव में भी भाजपा की स्थिति बेहद कमजोर नजर आई। जिले की 15 पंचायत समितियों के कुल 263 वार्डों में से कांग्रेस ने 155 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को केवल 65 सीटों से संतोष करना पड़ा।
कोलायत फिर चर्चा में
इन चुनाव परिणामों में सबसे ज्यादा चर्चा कोलायत विधानसभा क्षेत्र की रही, जहां भाजपा को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। चुनाव से पहले केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को लेकर क्षेत्र में काफी राजनीतिक चर्चाएं थीं, लेकिन परिणामों ने भाजपा की रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए। वहीं पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी की राजनीतिक पकड़ एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गई है। कोलायत के नतीजों को भाटी के प्रभाव से जोड़कर देखा जा रहा है। कुल मिलाकर बीकानेर पंचायत चुनाव भाजपा के लिए आत्ममंथन का विषय बन गए हैं। बड़े नेताओं की मौजूदगी और संगठनात्मक ताकत के दावों के बावजूद पार्टी ग्रामीण क्षेत्रों में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सकी। वहीं कांग्रेस के लिए ये नतीजे आगामी राजनीतिक मुकाबलों से पहले उत्साह बढ़ाने वाले साबित हो सकते हैं।
यहां भी लगा बड़ा झटका
बड़ा झटका खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा के विधानसभा क्षेत्र लूणकरनसर से सामने आया है। मंत्री गोदारा के गृह क्षेत्र की लूणकरनसर पंचायत समिति में कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत हासिल करते हुए 27 में से 17 सीटों पर जीत दर्ज की है। भाजपा के खाते में केवल 9 सीटें आईं, जबकि एक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहा। ऐसे में भाजपा विधायक और कैबिनेट मंत्री के अपने ही विधानसभा क्षेत्र में पंचायत समिति का बोर्ड कांग्रेस के हाथ में जाना राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ