खुलासा न्यूज,बीकानेर। पैदल रामदेवरा जा रहे यात्री को ट्रक द्वारा टक्कर मारने से मौत हो जाने की खबर सामने आयी है। घटना चुरू के राजलदेसर क्षेत्र की है। जहां पर भरपालसर पुलिया के पास एक ट्रक की टक्कर से पैदल यात्री की मौत हो गयी। हादसे के बाद ड्राइवर मौके पर ट्रक छोड़कर भाग गया। इस हादसे में एक और पदयात्री घायल हो गया, जिसका राजलदेसर सीएचसी में इलाज किया गया। पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर ट्रक ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मंगलवार दोपहर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया। नेठवा निवासी विकास कुमार ने रिपोर्ट दी कि उनके पिता 50 साल के गुमान सिंह जाट रूणिचा पैदल जा रहे थे।
मंगलवार सुबह भरपालसर पुलिया के पास गलत दिशा से आए एक ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में गुमान सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। ट्रक की चपेट में आने से पालास निवासी 49 साल के गोपीराम घायल हो गए। दोनों घायल लोगों को निजी वाहन से राजलदेसर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने गुमान सिंह को मृत घोषित कर दिया। गोपीराम को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ