आज भी बीकानेर में बारिश व आंधी का ओरेंज अलर्ट, तूफान की आशंका
बीकानेर । बीकानेर में भीषण गर्मी के बीच मौसम में बदलाव के बाद रविवार को तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार शाम आई आंधी और बारिश का असर रविवार सुबह भी देखने को मिला। सुबह तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने जिले के लिए सुबह येलो अलर्ट जारी किया लेकिन दोपहर से पहले इसे ओरेंज अलर्कट कर दिया। बारिश और 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
रविवार सुबह मौसम रहा सुहावना
शनिवार शाम आए मौसम परिवर्तन के बाद रविवार सुबह मौसम सुहावना बना रहा। हवा में ठंडक महसूस की गई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार जिले में रविवार को बारिश हो सकती है। इसके साथ ही तेज हवाएं और आंधी चलने की संभावना है।
एक सप्ताह पहले 47 डिग्री के आसपास पहुंचा था तापमान
गौरतलब है कि इसी सप्ताह बीकानेर का तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया था। शहर प्रदेश के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा। लगातार चल रही हीटवेव और नौतपा के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा था। शनिवार शाम अचानक मौसम बदलने के बाद हालात में सुधार आया है।
10 से 12 डिग्री तक कम रह सकता है अधिकतम तापमान
रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आज अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। यह पिछले दिनों की तुलना में करीब 10 से 12 डिग्री तक कम है।
नागौर में ऑरेंज अलर्ट, नोखा क्षेत्र पर पड़ सकता है असर
मौसम विभाग ने निकटवर्ती नागौर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। नागौर में तेज बारिश, आंधी और तूफानी मौसम की संभावना जताई गई है। इसका असर बीकानेर जिले के नोखा क्षेत्र में भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
किसानों और आमजन को मिली राहत
बारिश और तापमान में आई गिरावट से आमजन के साथ किसानों को भी राहत मिली है। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बाद मौसम में आए बदलाव से लोगों को राहत मिली है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यदि दिन में बारिश होती है तो तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ