ऑपरेशन नीलकंठ: थार गाड़ी के सीक्रेट बॉक्स से 78 ग्राम अफीम बरामद,एक आरोपी गिरफ्तार
ऑपरेशन नीलकंठ: थार गाड़ी के सीक्रेट बॉक्स से 78 ग्राम अफीम बरामद,एक आरोपी गिरफ्तार
बीकानेर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन नीलकंठ' के तहत पांचू थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक थार रॉक्स गाड़ी से 78 ग्राम अफीम बरामद की है। तस्करी के लिए गाड़ी में डीजल टंकी के ढक्कन के पास गुप्त चैंबर बनाया गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर गाड़ी जब्त कर ली है। जानकारी के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम नोखा रोड पर नाकाबंदी और गश्त कर रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध थार रॉक्स गाड़ी को रुकवाकर तलाशी ली गई।
शुरुआती तलाशी में पुलिस को गाड़ी में कुछ संदिग्ध नहीं मिला, लेकिन बारीकी से जांच करने पर डीजल टंकी के ढक्कन के पास एक गुप्त चैंबर दिखाई दिया। पुलिस ने चैंबर खोलकर जांच की तो उसमें पॉलिथीन में छिपाकर रखी गई 78 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने गाड़ी चालक सुंदरलाल जाट निवासी पांचू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। तस्करी में इस्तेमाल की गई थार रॉक्स गाड़ी भी जब्त कर ली गई है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ के साथ एएसआई रामनिवास, कांस्टेबल लीलाराम, सुनील और गणेशाराम की विशेष भूमिका रही। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह अफीम कहां से लेकर आया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। पुलिस तस्करी के नेटवर्क और अफीम की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है। एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ ऑपरेशन नीलकंठ लगातार जारी रहेगा।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ