एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर बस में भीषण आग, 9 यात्रियों की मौत, 35 थे सवार
एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर बस में भीषण आग, 9 यात्रियों की मौत, 35 थे सवार
नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर जेवर के पास बुधवार रात दिल्ली से महोबा जा रही एक निजी स्लीपर बस में भीषण आग लग गई। हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई, जिनमें 8 पुरुष और एक महिला शामिल हैं। बस में करीब 35 यात्री सवार थे। हादसा रात करीब 11:30 बजे जेवर एयरपोर्ट के पास हुआ। आग लगने के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। दमकल और पुलिस की टीमों ने भी रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय कई यात्री बस में सो रहे थे। यात्री पिंकी राजपूत ने बताया कि नींद खुलने पर बस में चीख-पुकार और धुआं भरा हुआ था। उन्होंने किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
आग इतनी भीषण थी कि बस का बड़ा हिस्सा पूरी तरह जल गया। मृतकों के शव बुरी तरह झुलस गए हैं, जिसके चलते उनकी पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस मृतकों की पहचान के लिए परिजनों से संपर्क करने के साथ अन्य माध्यमों से भी जांच कर रही है।
पुलिस ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एक यात्री की शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बस में जलने की गंध आने के बाद यात्रियों ने चालक से बस रोकने को कहा था, लेकिन बस तुरंत नहीं रोकी गई। पुलिस इन आरोपों और हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस बस के परमिट, फिटनेस, बीमा, चालक के लाइसेंस और अन्य दस्तावेजों की भी जांच कर रही है। आग लगने के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ