अमिताभ बच्चन के घर फायरिंग की साजिश! दिल्ली पुलिस ने दो शार्पशूटर किए गिरफ्तार
अमिताभ बच्चन के घर फायरिंग की साजिश! दिल्ली पुलिस ने दो शार्पशूटर किए गिरफ्तार
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के घर के बाहर फायरिंग करने की कथित साजिश के मामले में दिल्ली पुलिस ने दो शार्पशूटरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के जालंधर निवासी विकास ठाकुर और तरनतारन निवासी दीपक सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों विदेश में बैठे एक गैंगस्टर के लिए काम करते हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गैंगस्टर 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर अमिताभ बच्चन के कथित बयान से नाराज था और इसी वजह से उन्हें निशाना बनाना चाहता था। हालांकि, अमिताभ बच्चन ऐसे किसी बयान देने से इनकार कर चुके हैं।
पुलिस के अनुसार, विकास ठाकुर दिल्ली के एक कारोबारी पर रंगदारी के लिए फायरिंग करने के इरादे से आया था। वहीं, दीपक सिंह अमृतसर में 3 अक्टूबर को इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के मामले में वांछित था। इस मामले में उसका साथी पलविंदर सिंह उर्फ काका पहले ही पंजाब पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है। पूछताछ में सामने आया कि दीपक को मुंबई में लंबे समय तक रुकने के निर्देश दिए गए थे। पुलिस के अनुसार, उसे अमिताभ बच्चन के घर के बाहर फायरिंग की वारदात को अंजाम देना था।
दरअसल, कुछ सिख संगठनों और 1984 के दंगों की गवाह जगदीश कौर ने आरोप लगाया था कि 31 अक्टूबर 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद दिल्ली के एम्स अस्पताल के बाहर अमिताभ बच्चन ने भीड़ को उकसाया था। शिकायतकर्ताओं का दावा था कि दूरदर्शन के लाइव प्रसारण के दौरान अमिताभ ने 'खून का बदला खून' जैसे नारे लगाए थे। हालांकि, इस कथित प्रसारण का कोई आधिकारिक वीडियो अब तक सार्वजनिक नहीं हुआ है।
अक्टूबर 2014 में सिख्स फॉर जस्टिस ने लॉस एंजिल्स की एक संघीय अदालत में इस कथित बयान को लेकर अमिताभ बच्चन के खिलाफ दीवानी मुकदमा दायर किया था। बच्चन ने कानूनी रूप से इन आरोपों का खंडन किया था।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, भारत की किसी भी जांच एजेंसी ने 1984 के दंगों के मामले में अमिताभ बच्चन को आरोपी नहीं बनाया और न ही उनके खिलाफ कोई सबूत सामने आया है। फिलहाल दिल्ली पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर कथित साजिश की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ