पुलिस की बड़ी कार्यवाही: बाइक व घर का सामान जलाने वाले युवक को पुलिस ने दबोचा
पुलिस की बड़ी कार्यवाही: बाइक व घर का सामान जलाने वाले युवक को पुलिस ने दबोचा
श्रीकोलायत। कोलायत थाना क्षेत्र में घर में खड़ी दो मोटरसाइकिलों और झोपड़े में रखे सामान को आग के हवाले करने के मामले में कोलायत पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को बीकानेर शहर से दस्तयाब कर अनुसंधान के बाद गिरफ्तार किया तथा न्यायिक अभिरक्षा में भिजवा दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने परिवादी के परिवार पर दबाव बनाने के उद्देश्य से रंजिशवश आगजनी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 25 नवंबर को कोलायत निवासी करमाराम पुत्र गिरधारीराम बावरी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 25 नवंबर की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर में खड़ी दो मोटरसाइकिलों तथा झोपड़े में रखे सामान में आग लगा दी।
आग से सारा सामान जलकर राख हो गया। परिवादी ने संदेह जताया कि रावतसर निवासी जीवन सिंह ने इस घटना को अंजाम दिया है। परिवादी के अनुसार जीवन सिंह कुछ माह पूर्व नरमा चुगाई के दौरान उनके संपर्क में आया था तथा उसकी पुत्री से बातचीत करने लगा था। वह उनकी पुत्री को अपने साथ ले जाने के लिए दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर परिवार में तनाव चल रहा था।
रिपोर्ट के आधार पर कोलायत थानाधिकारी जसवीर कुमार पुलिस निरीक्षक ने प्रकरण में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बीकानेर के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध आरोपी की तलाश शुरू की। बीकानेर शहर एवं आसपास के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर थाना बीछवाल एवं थाना सदर बीकानेर के सहयोग से आरोपी जीवन सिंह को बीकानेर शहर से दस्तयाब किया गया। पूछताछ एवं अनुसंधान के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भिजवा दिया गया।
यह आरोपी हुआ गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी जीवन सिंह पुत्र ज्ञान सिंह, जाति बावरी, उम्र 22 वर्ष, निवासी रावतसर, पुलिस थाना रावतसर, जिला हनुमानगढ़ है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में कोलायत थानाधिकारी जसवीर कुमार, उपनिरीक्षक रोहिताश भारी, साइबर सेल बीकानेर के दीपक यादव, कांस्टेबल दिपेन्द्र कुमार, अनिल कुमार, बीछवाल थाने के सम्पत तथा सदर थाना बीकानेर के गोपाल सहित पुलिस टीम के सदस्यों की अहम भूमिका रही।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ