राजस्थान में आज शीतलहर का अलर्ट, रात में सर्दी तेज होने की आशंका
राजस्थान में आज शीतलहर का अलर्ट, रात में सर्दी तेज होने की आशंका
बीकानेर। उत्तर भारत से आ रही सर्द हवा तेज हो गई। गुरुवार को सीकर, अजमेर, टोंक, बूंदी, कोटा जिलों और उनके आसपास के इलाकों में सुबह-शाम शीतलहर का असर रहा। शीतलहर के कारण इन शहरों में रात का तापमान सामान्य से 5 डिग्री तक नीचे चला गया, जिससे यहां तेज सर्दी शुरू हो गई। मौसम विभाग ने इन एरिया में अगले दो दिन कोल्ड-वेव का असर रहने की संभावना जताई है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। 27 नवंबर को 5 जिलों में शीतलहर का यलो अलर्ट है। पिछले 24 घंटे का मौसम देखे तो राजस्थान में आसमान साफ रहा और धूप रही। अलवर, भरतपुर, सीकर, झुंझुनूं (दिल्ली एनसीआर और हरियाणा से लगते इलाके) में सुबह-सुबह हल्की धुंध रही। सीकर, टोंक, अजमेर, बूंदी, कोटा जिलों और उनके आसपास के इलाकों में सुबह-शाम शीतलहर चली। शीतलहर के असर से सीकर, गंगानगर, पिलानी, जयपुर, बाड़मेर समेत कई शहरों में दिन के तापमान में 1 डिग्री तक की गिरावट हुई। वहीं बीकानेर में शुक्रवार सुबह मौसम साफ ही नजर आया।
गुरुवार को सीकर के पास फतेहपुर में सबसे ठंडी रात रही। यहां रात का तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सीकर में भी तेज सर्दी रही, जहां तापमान 5 डिग्री, नागौर में 6.1, चूरू में 7.6, भीलवाड़ा में 7.4, टोंक में 7.8, पिलानी में 8.5, अलवर में 8.4, उदयपुर में 8.7 और करौली में 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राज्य में अगले एक सप्ताह मौसम साफ रहेगा। इस दौरान कुछ शहरों के न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट हो सकती है, जिससे रात की सर्दी और तेज होने की संभावना है। जबकि जबकि दिन में अच्छी धूप रहने से लोगों को सर्दी से राहत रहेगी।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ