अवैध आरा मशीन सीज, 25 क्विंटल लकड़ी जब्त,लाइसेंस रिन्यू नहीं कराया था
अवैध आरा मशीन सीज, 25 क्विंटल लकड़ी जब्त,लाइसेंस रिन्यू नहीं कराया था
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर में अवैध आरा मशीनों, पेड़ों की अवैध कटाई और लकड़ी के अवैध परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में टीम ने केसरीसिंहपुर में एक आरा मशीन को सीज किया है। मौके से करीब 25 क्विंटल लकड़ी भी जब्त की गई। कार्रवाई उप वन संरक्षक जिगनेश शर्मा और संरक्षक यशिका चौधरी के निर्देश पर की गई।
वन विभाग की टीम ने केसरीसिंहपुर स्थित जीत सिंह की आरा मशीन का निरीक्षण किया। जांच के दौरान संचालक ने आरा मशीन का लाइसेंस दिखाया, लेकिन उसका नवीनीकरण नहीं कराया गया था। टीम को मौके पर लकड़ी का स्टॉक रजिस्टर भी नहीं मिला। जांच में नियमों का उल्लंघन सामने आने के बाद विभाग ने कार्रवाई की।
वन विभाग ने मौके से 25 क्विंटल लकडिय़ां जब्त कर लीं। इसके साथ ही आरा मशीन को भी सीज कर दिया गया। विभाग के अनुसार यह कार्रवाई आरा मशीन स्थापना अधिनियम 1983 के प्रावधानों के उल्लंघन के चलते की गई है।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्रीय वन अधिकारी मोहन लाल, सहायक वनपाल सुखपाली, वनरक्षक गौरीशंकर, पवन कुमार, सुखपाल सिंह और कविता सहित वन विभाग की टीम मौजूद रही।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रेंज क्षेत्र में संचालित सभी आरा मशीनों की जांच जारी रहेगी। नियमों के खिलाफ चल रही आरा मशीनों के साथ-साथ पेड़ों की अवैध कटाई और लकड़ी के अवैध परिवहन के मामलों में भी आगे कार्रवाई की जाएगी।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ