राजस्थान में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक में घुसी क्रूजर, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत
राजस्थान में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक में घुसी क्रूजर, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत
कोटा। राजस्थान में कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे-52 पर शनिवार देर रात करीब एक बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार क्रूजर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में क्रूजर सवार एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। ट्रक चालक सहित 7 लोग घायल हुए हैं।
हादसा कोटा के नाता थाना क्षेत्र में शंभूपुरा गांव के पास हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि क्रूजर में सवार लोग वाहन में फंस गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों व शवों को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस से न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया।
खाटूश्यामजी के दर्शन कर लौट रहा था परिवार
एसपी तेजस्वनी गौतम के अनुसार, क्रूजर में एक ही परिवार के 15 लोग सवार थे। सभी महाराष्ट्र के धुले जिले के निवासी थे और खाटूश्यामजी के दर्शन कर वापस लौट रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, परिवार के कुल 36 सदस्य मंगलवार को तीन अलग-अलग वाहनों में धार्मिक यात्रा पर निकले थे। यात्रा के दौरान उन्होंने मध्यप्रदेश के ओंकारेश्वर और उज्जैन तथा राजस्थान में सांवरिया सेठ, अजमेर और पुष्कर के दर्शन किए। इसके बाद शनिवार सुबह करीब 11 बजे वे खाटूश्यामजी पहुंचे थे।
हादसे में इन लोगों की गई जान
हादसे में सज्जन पवार (62), उनकी पत्नी उषा बाई (60), बाबूलाल पवार (75), उनकी पत्नी सुशीला (62), बेटा कैलाश (35), बहू अनीता (34), पोती जाह्नवी (7), माधवी (32) और सानवी (3) की मौत हुई है।
सज्जन पवार और बाबूलाल पवार आपस में भाई थे। सानवी सज्जन की पोती और माधवी उनकी बहू थी। कैलाश सैलून का काम करता था।
ड्राइवर को झपकी आने की आशंका
हादसे की सूचना पर सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकलवाया और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
एसपी के अनुसार, शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि क्रूजर चालक को झपकी आने के कारण वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ