हाईटेंशन लाइन बनी मौत का कारण: करंट की चपेट में आने से तीन गोवंश ने तोड़ा दम
हाईटेंशन लाइन बनी मौत का कारण: करंट की चपेट में आने से तीन गोवंश ने तोड़ा दम
कालू। थाना क्षेत्र के गारबदेसर गांव में सोमवार रात्रि को विद्युत विभाग की घोर लापरवाही के चलते एक बड़ा हादसा हो गया। 11 केवी हाईटेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से तीन गोवंश की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और सैकड़ों की संख्या में आक्रोशित ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
बार-बार चेताने के बाद भी नहीं जागा प्रशासन
ग्रामीणों का आरोप है कागासर फांटे के पास से गुजर रही इस 11 केवी लाइन के तार लंबे समय से जर्जर और क्षतिग्रस्त स्थिति में झूल रहे थे। कई बार डिस्कॉम अधिकारियों को लिखित व मौखिक रूप से अवगत करवाकर हादसे की आशंका जताई गई थी और तारों को तुरंत बदलने की मांग की गई थी। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। विभाग की इसी उदासीनता की कीमत बेकसूर मवेशियों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।
अधिकारियों के न पहुंचने पर भडक़ा गुस्सा
ग्रामीणों ने बताया घटना की सूचना सोमवार रात को ही डिस्कॉम के उच्चाधिकारियों को दी गई। परंतु मंगलवार सुबह तक इतने बड़े हादसे के बाद भी कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा और केवल एक लाइनमैन को भेजकर खानापूर्ति कर ली गई। इस असंवेदनशील रवैये से लोगों का आक्रोश और बढ़ गया।
शवों के साथ मौके पर डटे ग्रामीण
हादसे के बाद ग्रामीणों ने मृत गोवंश के शवों को मौके पर ही रखकर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। ग्रामीणों कि मांग है कि क्षेत्र की जर्जर लाइनों को बदलने का ठोस आश्वासन नहीं दिया जाता तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ