हार्डवेयर दुकान-गोदाम से 6 लाख का सामान चोरी, कर्मचारी गिरफ्तार, खरीददार भी पुलिस के रडार पर
हार्डवेयर दुकान-गोदाम से 6 लाख का सामान चोरी, कर्मचारी गिरफ्तार, खरीददार भी पुलिस के रडार पर
बीकानेर। नोखा की रोड़ा रोड स्थित हार्डवेयर दुकान और गोदाम से करीब 6 लाख रुपए का सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने दुकान के कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब चोरी किए गए सामान की बरामदगी के साथ उसे खरीदने वालों और वारदात में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।
सीआई गोविंद सिंह के अनुसार, रोड़ा रोड निवासी संजय भट्टड़ ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। परिवादी की फर्म में लोहे का सामान, पाइप, पानी की मोटर, नल और पाइप फिटिंग सहित अन्य हार्डवेयर सामग्री का कारोबार होता है। गोदाम में काम करने के लिए अमरचंद मेघवाल को कर्मचारी रखा गया था। आरोप है कि अमरचंद लंबे समय से दुकान और गोदाम से पानी की मोटरें, नल, पाइप फिटिंग, शावर, वाशर, ग्राइंडर की चकरियां, लोहे की टीन, एंगल, पाइप, सीमेंट और पुट्टी के कट्टे चोरी कर रहा था।
रिपोर्ट में चोरी किए गए सामान की कीमत करीब 6 लाख रुपए बताई गई है। परिवादी ने वारदात में आरोपी के साथ 5-6 अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका भी जताई है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए अमरचंद पुत्र जैसराज मेघवाल, निवासी भूराराम की खेड़ी को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस की ओर से चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई एएसपी ग्रामीण बनवारीलाल और नोखा सीओ जरनैल सिंह के सुपरविजन तथा थानाधिकारी गोविंद सिंह के निर्देशन में की गई। हेड कांस्टेबल सतीश कुमार मूंड की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार करने में भूमिका निभाई।
पुलिस अब आरोपी से चोरी के सामान की बरामदगी, उसे कम कीमत पर खरीदने वालों और वारदात में अन्य लोगों की संभावित भूमिका को लेकर पूछताछ कर रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी गोविंद सिंह, हेड कांस्टेबल सतीश कुमार, कांस्टेबल तेजाराम और चालक कांस्टेबल पुखराज शामिल रहे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ