राजस्थान में अगले दो दिन कोहरे की चेतावनी, सर्द हवाओं से बढ़ी ठिठुरन
राजस्थान में अगले दो दिन कोहरे की चेतावनी, सर्द हवाओं से बढ़ी ठिठुरन
जयपुर. उत्तर भारत और पहाड़ी इलाकों से आ रही सर्द हवाओं ने प्रदेश में सर्दी तेज कर दी है। सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढऩे लगी है। अब लोग गर्म कपड़ों में घरों से बाहर निकल रहे हैं। हालांकि, दिन में आसमान साफ रहने और धूप खिलने से कुछ राहत मिल रही है, लेकिन सर्द हवाओं के चलते दिन और रात के तापमान में गिरावट का दौर जारी है। शनिवार को जयपुर सहित अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहा। माउंट आबू 5.7 डिग्री और फतेहपुर 6.1 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश में सबसे ठंडे रहे। वहीं अन्य शहरों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो से 4 डिग्री की गिरावट जारी है। मौसम विभाग ने 22 और 23 नवंबर को राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी घना कोहरा छाने की चेतावनी दी है।
आगामी सप्ताह शुष्क
जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, आगामी एक सप्ताह तक मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में विशेष बदलाव के आसार नहीं हैं। हालांकि, एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से रविवार को पूर्वी जिलों में आंशिक बादल छा सकते हैं।
बीकानेर में कोहरा नहीं, प्रदूषण और धूल ने बढ़ाई परेशानी
बीकानेर में इन दिनों सुबह और शाम के समय छाई रहने वाली धुंध को लोग सर्दी का कोहरा समझ रहे हैं, लेकिन हकीकत इसके उलट है। शहर के कई प्रमुख इलाकों में धूल और प्रदूषण का गुबार हवा में घुलकर लोगों की सेहत बिगाड़ रहा है। विशेष रूप से गजनेर रोड पर शाम ढलते ही हालात बहुत खराब हो जाते हैं, जहां धूल के घने गुबार के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को सडक़ पर रास्ता तलाशने में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ