शादी से पहले गहने खरीदने का मौका! दो महीने में सोना 27 हजार और चांदी 1 लाख रुपए टूटी
शादी से पहले गहने खरीदने का मौका! दो महीने में सोना 27 हजार और चांदी 1 लाख रुपए टूटी
दो महीने में कीमतों में बड़ी गिरावट, शादी वाले परिवार बजट में खरीद रहे अतिरिक्त गहने; नए ऑर्डर भी बढ़े
सिरोही। शादी के सीजन के बीच सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट आने से सिरोही के सर्राफा बाजार में एक बार फिर रौनक लौट आई है। स्थानीय सर्राफा संघ के अनुसार, पिछले दो महीनों में 24 कैरेट सोना करीब 27 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी करीब एक लाख रुपए प्रति किलो सस्ती हुई है। कम कीमतों का फायदा उठाकर शादी वाले परिवार तय गहनों के साथ अतिरिक्त आभूषण भी खरीद रहे हैं।
1.54 लाख से 1.27 लाख रुपए पर आया सोना
सर्राफा व्यापारियों के अनुसार, करीब दो महीने पहले 24 कैरेट सोने का भाव 1 लाख 54 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम था, जो अब घटकर करीब 1 लाख 27 हजार रुपए रह गया है। इसी अवधि में चांदी की कीमत भी 2 लाख 54 हजार रुपए प्रति किलो से घटकर करीब 1 लाख 54 हजार रुपए रह गई है। कीमतों में गिरावट से ग्राहकों को बड़ी राहत मिली है।
शादी की तारीखें नजदीक, बढ़े नए ऑर्डर
नवंबर में 24, 25 और 26 तारीख तथा दिसंबर में 2, 3, 4, 5, 6, 11 और 12 तारीख को बड़ी संख्या में शादियां हैं। ऐसे में वर और वधू पक्ष के परिवार अपने बजट के अनुसार गहनों की खरीदारी कर रहे हैं। ज्वेलरी विक्रेताओं के मुताबिक, तैयार आभूषणों की बिक्री के साथ नए गहने बनवाने के ऑर्डर भी बढ़े हैं। पिछले एक साल से अधिक समय तक ऊंचे भाव के कारण कारोबार प्रभावित रहा था। अब कीमतें घटने से शहर के साथ आसपास के गांवों से भी ग्राहक खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं।
बड़े बेटे की शादी के साथ छोटे के लिए भी खरीदे गहने
एक स्थानीय ग्राहक ने बताया कि उनके बड़े बेटे की शादी आने वाले दिनों में है। करीब डेढ़ महीने पहले उन्होंने शादी के लिए सोना खरीदा था। उस समय मौजूदा भाव के मुकाबले प्रति 10 ग्राम करीब 30 हजार रुपए अधिक चुकाने पड़े थे। अब कीमतें घटने के बाद वे बड़े बेटे की शादी के लिए अतिरिक्त गहने खरीद रहे हैं। साथ ही छोटे बेटे की शादी के लिए भी अभी से आभूषण खरीदना शुरू कर दिया है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ