बीकानेर: गाड़ियों की भिड़ंत के बाद परिवार पर हमला, तलवार-रिवॉल्वर से हमले और चेन-नकदी लूटने का आरोप
बीकानेर: गाड़ियों की भिड़ंत के बाद परिवार पर हमला, तलवार-रिवॉल्वर से हमले और चेन-नकदी लूटने का आरोप
बीकानेर। नापासर क्षेत्र के राजेरा गांव के पास गाड़ियों की भिड़ंत के बाद हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि दूसरी कार में सवार लोगों ने एक परिवार पर तलवार, रिवॉल्वर, लाठियों और लोहे के पाइप से जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान पीड़ित परिवार के सदस्य से सोने-चांदी के जेवर और नकदी छीनने का भी मामला सामने आया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिवादी ने नापासर थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि 9 अक्टूबर की शाम करीब 4:15 बजे वे अपनी स्विफ्ट कार से लूणकरणसर से काकड़ा लौट रहे थे। राजेरा गांव में सड़क किनारे गाड़ी रोककर जब वे पानी पी रहे थे, तभी सामने से गलत दिशा से आई एक अर्टिगा कार ने उनकी गाड़ी को तेज टक्कर मार दी, जिससे वाहन को भारी नुकसान पहुंचा।
टक्कर के बाद अर्टिगा कार से उतरे लोग हाथों में तलवार, डंडे और लोहे के पाइप लेकर नीचे उतरे और मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने परिजनों के साथ अभद्रता करते हुए मोबाइल छीनने का प्रयास किया। इसी बीच दो अन्य हथियारबंद लोग रिवॉल्वर और लोहे का पाइप लेकर पहुंचे। हमले के दौरान आरोपियों ने परिवादी के भाई राजेश के गले से चांदी की चेन तोड़ ली और जेब में रखे 3,000 लूट लिए। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा होने और राजेरा निवासी के बीच-बचाव करने पर आरोपी मौके से भाग निकले। जाते-जाते वे थाने में शिकायत करने पर काकड़ा आकर जान से मारने की धमकी दे गए।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ