वाहन की किश्तें नहीं चुकाईं, मालिक को जेल भिजवाने की दी धमकी, दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज
वाहन की किश्तें नहीं चुकाईं, मालिक को जेल भिजवाने की दी धमकी, दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज
बीकानेर। वाहन बेचने के बाद फाइनेंस की बकाया किश्तें नहीं चुकाने और वाहन मालिक को जेल भिजवाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में गुसाईंसर बड़ा निवासी मुखराम जाट ने दो व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी देने के आरोप में पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने रिपोर्ट में बताया कि टाटा प्रेमा वाहन उसके नाम रजिस्टर्ड था। उसने 17 जून 2026 को यह वाहन गांव बाना निवासी राधेश्याम बाना को बेच दिया था। इकरारनामे के अनुसार वाहन की फाइनेंस कंपनी श्रीराम फाइनेंस की बकाया 29 लाख 24 हजार रुपए की राशि राधेश्याम को 34 किश्तों में चुकानी थी।
परिवादी के अनुसार, आरोपी ने शुरुआत में केवल तीन किश्तें जमा करवाईं और इसके बाद किश्तों का भुगतान बंद कर दिया। वाहन के कागजात भी उसने आरोपी को सौंप दिए थे। इसके बाद 19 सितंबर को परिवादी को विहार ट्रांसपोर्ट से फोन आया। उसे बताया गया कि उसके वाहन में गेहूं का माल लोड किया गया था, जिसे चालक ने बेच दिया है। इस पर परिवादी ने स्पष्ट किया कि वह वाहन पहले ही बेच चुका है।
परिवादी ने दोनों आरोपियों से संपर्क कर बकाया किश्तें जमा करवाने और दो-तीन दिनों में वाहन अपने नाम करवाने के लिए कहा। आरोप है कि 21 सितंबर को आरोपियों ने उसे धमकाया कि वे वाहन अपने नाम नहीं करवाएंगे और गाड़ी का इस्तेमाल अवैध कामों में करेंगे। साथ ही उसे जेल भिजवाने की धमकी भी दी। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई राजकुमार को सौंपी गई है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ