पंचायत परिसीमन के विरोध में चुनाव बहिष्कार , गांव में सरपंच और वार्ड पंच के लिए एक ने भी नहीं किया नामांकन
पंचायत परिसीमन के विरोध में चुनाव बहिष्कार , गांव में सरपंच और वार्ड पंच के लिए एक ने भी नहीं किया नामांकन
श्री डूंगरगढ़ । पंचायत परिसीमन के विरोध में एकजुट हुए दुसारना पीपासरिया के ग्रामीणों ने अब सरपंच और वार्ड पंच चुनाव से भी दूरी बना ली है। बुधवार को धरना स्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने सरपंच पद की दावेदारी छोड़ने और चुनाव बहिष्कार का फैसला जारी रखने का ऐलान किया। गांव से सरपंच और वार्ड पंच के लिए एक भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य चुनाव में मतदान नहीं करने के बाद ग्रामीणों का यह कदम प्रशासन के लिए नई चुनौती बन गया है। ग्रामीणों की मांग है कि दुसारना पीपासरिया को दुसारना पंडरिकजी में शामिल किया जाए या फिर अलग ग्राम पंचायत बनाई जाए।
एक पखवाड़े से धरना, प्रशासन नहीं मना पाया ग्रामीणों को
परिसीमन के बाद से ही ग्रामीण लगातार विरोध दर्ज करवा रहे हैं। पिछले एक पखवाड़े से गांव में धरना जारी है, लेकिन अब तक प्रशासन ग्रामीणों को मनाने में सफल नहीं हो पाया। चुनाव बहिष्कार के चलते गांव के 718 मतदाता मतदान से वंचित रह गए। ग्रामीणों की एकजुटता के आगे मतदान के लिए उन्हें मनाने के प्रयास भी सफल नहीं हुए। पीपासरिया का मामला अब जिलेभर में चर्चा का विषय बन गया है। प्रबुद्धजनों ने बड़ी संख्या में मतदाताओं के लोकतांत्रिक प्रक्रिया से दूर रहने पर चिंता जताई है।
718 मतदाताओं वाले गांव से एक भी नामांकन नहीं
दुसारना पीपासरिया को नई ग्राम पंचायत कोटासर में शामिल किया गया है। कोटासर ग्राम पंचायत में कुल 1,593 मतदाता और 7 वार्ड हैं। बूथ संख्या 51 पर कोटासर गांव के 875 मतदाता हैं, जबकि बूथ संख्या 52 पर दुसारना पीपासरिया के 718 मतदाता हैं। ग्रामीणों के बहिष्कार के चलते पीपासरिया के तीनों वार्डों में पंच पद के लिए भी कोई नामांकन दाखिल नहीं हुआ।
कोटासर में सरपंच पद के लिए मुकाबले की चर्चा
कोटासर ग्राम पंचायत में सरपंच पद सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। यहां पार्वती राजूराम सारण और मनोज कंवर अगरसिंह सहित छह उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए हैं। दोनों के बीच मुकाबले की चर्चा है। पीपासरिया के 718 मतदाताओं के चुनाव से दूरी बनाने के कारण सरपंच पद के चुनाव में कोटासर के 875 मतदाताओं की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।
बुधवार दोपहर 2 बजे तक नामांकन वापस लेने का समय निर्धारित था। इसके बाद ही सरपंच पद के चुनावी मुकाबले की अंतिम तस्वीर स्पष्ट होगी।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ