बीकानेर: साइबर ठगी का बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया, पढ़े ये खबर
बीकानेर: साइबर ठगी का बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया, पढ़े ये खबर
बीकानेर। भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे खाजूवाला क्षेत्र में साइबर ठगी का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों ने पहले एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला के भतीजे की फोटो (डीपी) लगाकर फोन पर भावनात्मक झांसा दिया और फिर अश्लील वीडियो वायरल करने व 'फौजियों से पकड़वाने' की धमकी देकर तीन दिनों तक घर में 'डिजिटल अरेस्ट' रखा। ठगों ने महिला से अलग-अलग किश्तों में कुल 1.15 लाख रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। खाजूवाला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तावणीया कॉलोनी, खाजूवाला निवासी महिला ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 20 नवंबर, 26 की दोपहर करीब 3 बजे उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर (+92 से शुरू होने वाले विदेशी नंबर) से कॉल आया। कॉल करने वाले के व्हाट्सऐप की डीपी पर महिला के भतीजे की फोटो लगी हुई थी। शातिर ठग ने भतीजा बनकर बात की और कहा कि वह उनके लिए सोने की ज्वेलरी भेज रहा है, जिसके लिए कुछ रुपयों की जरूरत है। अनपढ़ होने के कारण कमला देवी डीपी देखकर झांसे में आ गईं और विश्वास कर पहले 8 हजार तथा बाद में 7 हजार रुपए भेज दिए। रुपए मिलने के बाद ठगों ने अपना असली रंग दिखाया।
कुछ ही देर बाद दूसरे नंबर से कॉल कर अज्ञात आरोपी ने महिला को धमकाना शुरू कर दिया। ठग ने कहा कि उन्होंने महिला का अश्लील वीडियो और फोटो बना लिए हैं, जिन्हें समाज में वायरल कर बदनाम कर दिया जाएगा। इतना ही नहीं, ठगों ने सीमावर्ती क्षेत्र का फायदा उठाते हुए डराया कि "तुम बॉर्डर पर रहती हो, तुम्हें फौजी पकड़कर ले जाएंगे और यदि किसी को बताया तो पूरे परिवार को पकड़वा देंगे या तुम्हारे बेटे को मरवा देंगे'। जान और मान-सम्मान के डर से बुजुर्ग महिला ने यह बात परिवार में किसी को नहीं बताई और 20 से 22 नवंबर तक तीन दिनों तक अपने ही घर में 'डिजिटल अरेस्ट' रहीं। ठगों के दबाव में आकर उन्होंने 22 नवंबर को सुबह और दोपहर के बीच 15,000, 49,500 और 30,000 रुपए सहित कुल 1 लाख 15 हजार रुपए ठगों की ओर से भेजे गए स्कैनर पर ट्रांसफर कर दिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद 25 नवंबर को खाजूवाला थाने में लिखित रिपोर्ट पेश की गई।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ