बीकानेर: चलती ट्रेन में चाकू से गोदकर हत्या का मामला, खारिज हुई जमानत
बीकानेर: चलती ट्रेन में चाकू से गोदकर हत्या का मामला, खारिज हुई जमानत
बीकानेर। चलती ट्रेन में चाकू से गोदकर हत्या करने के मामले में न्यायिक अभिरक्षा में चल रहे कोच अटेंडेंट को अदालत से बड़ा झटका लगा है। अपर सेशन न्यायाधीश - संख्या-5 ने 26 नवंबर को आरोपी जुबेर मेमन की द्वितीय जमानत याचिका खारिज कर दी। कोर्ट ने माना कि आरोप अत्यंत गंभीर प्रकृति के हैं और मामले में अभी अनुसंधान अधिकारी सहित अन्य महत्वपूर्ण गवाहों के बयान होने शेष हैं। घटना 2 व 3 नवंबर, 25 की रात की है। बठिंडा से बीकानेर आ रही ट्रेन जब लूणकरणसर रेलवे स्टेशन से रवाना हुई, तब कोच एस-2 में यात्री जिगर कुमार और बी-4 कोच के अटेंडेंट फड़बाजार में पठानों का मोहल्ला निवासी जुबेर के बीच विवाद हो गया। झगड़े के दौरान आरोपी ने धारदार चाकू से यात्री पर हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। कोर्ट में सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के वकील रविकांत वर्मा ने बीमारी (पेट में गांठ व मधुमेह), पारिवारिक जिम्मेदारी और लंबे समय से जेल में बंद होने का हवाला देते हुए जमानत मांगी।
वहीं, अपर लोक अभियोजक शिवशंकर स्वामी और परिवादी के अधिवक्ता केशव व्यास ने जमानत का कड़ा विरोध किया। कोर्ट ने रिकॉर्ड का अवलोकन करते हुए पाया कि आरोपी के खिलाफ कोटगेट, सदर और नयाशहर थानों में आरपीजीओ (जुआ अधिनियम) के तहत पहले से 9 प्रकरण दर्ज हैं। प्रथम जमानत खारिज होने के बाद परिस्थितियों में कोई बड़ा बदलाव न होने और प्रमुख गवाहों के बयान शेष रहने के कारण कोर्ट ने याचिका नामंजूर कर दी।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ