चाय-नाश्ते की दुकान में घुसकर तोडफ़ोड़ कर की मारपीट पुलिस को दी शिकायत
चाय-नाश्ते की दुकान में घुसकर तोडफ़ोड़ कर की मारपीट पुलिस को दी शिकायत
बीकानेर। गजनेर क्षेत्र में चाय-नाश्ते की दुकान में घुसकर तोडफ़ोड़ और मारपीट करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में कोटड़ा निवासी कन्हैयालाल सांसी ने पुलिस को परिवाद देकर सरपंच प्रतिनिधि सहित कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
परिवादी कन्हैयालाल ने अपनी शिकायत में बताया कि उसकी दुकान दरबारी फांटा, जैसलमेर रोड पर स्थित है, जहां वह पिछले करीब पांच वर्षों से चाय-नाश्ते की दुकान चला रहा है। आरोप है कि पंचायत चुनाव के दौरान वोट नहीं देने को लेकर राजेन्द्र अध्यापक सरपंच प्रतिनिधि उससे रंजिश रखता था और लगातार दुकान बंद करवाने की धमकियां दे रहा था।
परिवादी के अनुसार 27 नवंबर की रात करीब 10 से 10:30 बजे वह अपनी दुकान बंद कर रहा था, तभी एक कैंपर गाड़ी और मोटरसाइकिल पर कुछ लोग वहां पहुंचे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि राजेन्द्र अध्यापक सरपंच प्रतिनिधि, गिरधारी सिंह सांखला सहित अन्य लोग लाठी-डंडे, दाती और लोहे के पाइप लेकर आए और दुकान में घुसकर तोडफ़ोड़ शुरू कर दी।
परिवादी ने आरोप लगाया कि इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई तथा जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया गया। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद वह वहां से अपनी जान बचाकर निकल गया।
कन्हैयालाल ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ