बीकानेर में फॉर्च्यूनर का कहर, ओवरस्पीड के कारण सड़क पर कई बार पलटी कार
बीकानेर में फॉर्च्यूनर का कहर, ओवरस्पीड के कारण सड़क पर कई बार पलटी कार
बीकानेर। शहर के सागर रोड पर हल्दीराम प्याऊ से बीकानेर की ओर उदासर फांटा के पास देर रात एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर बेकाबू होकर भीषण हादसे का शिकार हो गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज गति से आ रही फॉर्च्यूनर पहले अनियंत्रित हुई और एक गाय को टक्कर मार दी। इसके बाद वाहन बिजली के पोल और सड़क किनारे खड़ी एक स्कूटी को भी अपनी चपेट में लेता हुआ होटल के सामने कई फीट उछलकर पलट गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। हादसे में मृतकों में एक की पहचान इंद्रा कॉलोनी निवासी पुनीत चौधरी के रूप में हुई है। दूसरे मृतक की पहचान मूल सिंह के रूप में हुई है, हालांकि उसके घर का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो युवकों को मृत घोषित कर दिया गया। एक घायल का उपचार जारी है। पुलिस को फॉर्च्यूनर से मिले दस्तावेजों और आधार कार्ड के आधार पर वाहन में सवार अन्य लोगों की पहचान और हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह ओवरस्पीड मानी जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ