कंवरसेन लिफ्ट नहर में गिरी महिला का तीसरे दिन मिला शव, मलकीसर पंपिंग स्टेशन के पास तैरता दिखा
कंवरसेन लिफ्ट नहर में गिरी महिला का तीसरे दिन मिला शव, मलकीसर पंपिंग स्टेशन के पास तैरता दिखा
महाजन। कंवरसेन लिफ्ट नहर में गिरी महिला का शव तीसरे दिन सोमवार सुबह मलकीसर पंपिंग स्टेशन के पास मिला। शव नहर में तैरता हुआ दिखाई देने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को महाजन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। जानकारी के अनुसार, मोखमपुरा निवासी गीता बावरी के शनिवार को कंवरसेन लिफ्ट नहर में गिरने की सूचना महाजन पुलिस को मिली थी। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नहर में तलाशी अभियान शुरू करवाया।
महिला की तलाश के लिए शनिवार शाम बीकानेर से एसडीआरएफ की टीम भी महाजन पहुंची। टीम ने नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण पहले दिन सफलता नहीं मिल सकी। महिला की तलाश के लिए लगातार अभियान जारी रहा। सोमवार सुबह मलकीसर पंपिंग स्टेशन के पास नहर में शव तैरता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने शव को बाहर निकाला।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को महाजन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ