बीकानेर: शादी से तीन दिन पहले बनोरे में खाना खाते दूल्हे को पुलिस ने किया गिरफ्तार
बीकानेर: शादी से तीन दिन पहले बनोरे में खाना खाते दूल्हे को पुलिस ने किया गिरफ्तार
श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के तोलियासर गांव में शादी से महज तीन दिन पहले एनडीपीएस एक्ट के एक फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी 6 जुलाई को शादी करने वाला था और हल्दी की रस्म के बाद आयोजित बनोरे के भोज में शामिल होकर भोजन कर रहा था। इसी दौरान सेरूणा थाना पुलिस ने दबिश देकर उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। सेरूणा थानाधिकारी संध्या बिश्नोई ने बताया कि करीब सवा वर्ष पहले श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने अंकित राजपुरोहित को अफीम के साथ गिरफ्तार किया था। बाद में मामले की जांच सेरूणा थाना पुलिस को सौंपी गई। जांच के दौरान अंकित राजपुरोहित से पूछताछ में उसके भाई आनंद राजपुरोहित का नाम भी सामने आया, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई।
पुलिस के अनुसार आनंद राजपुरोहित की गिरफ्तारी के लिए कई बार संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई, लेकिन वह लगातार फरार चल रहा था। इस बीच तकनीकी टीम उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। पुलिस को सूचना मिली कि आनंद राजपुरोहित की 6 जुलाई को शादी है और वह अपने गांव में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तोलियासर गांव में दबिश दी और हल्दी समारोह के बाद बनोरे के भोज में मौजूद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल आरोपी सेरूणा थाना पुलिस की हिरासत में है। उससे एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले में पूछताछ की जा रही है। पुलिस आज आरोपी को एनडीपीएस न्यायालय में पेश करेगी।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ