बीकानेर: जम्मूतवी एक्सप्रेस से नीचे गिरा 60 वर्षीय बुजुर्ग, हॉस्पिटल में तोडा दम
बीकानेर: जम्मूतवी एक्सप्रेस से नीचे गिरा 60 वर्षीय बुजुर्ग, हॉस्पिटल में तोडा दम
बीकानेर। लूणकरणसर उपखण्ड के अरजनसर और महाजन के बीच देर रात जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेन से गिरने से 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद बुजुर्ग को ट्रेन के जरिए लूणकरणसर रेलवे स्टेशन लाया गया। सूचना मिलने पर टाइगर फोर्स की टीम और रेलवे कर्मचारी सक्रिय हुए। एंबुलेंस की मदद से बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान पंजाब के पटियाला निवासी हरमेश सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, हरमेश सिंह बठिंडा से गुजरात जा रहे थे। इसी दौरान अरजनसर और महाजन के बीच वे जम्मूतवी एक्सप्रेस से गिर गए। घटना की सूचना महाजन पुलिस को दी गई। इसके बाद हेड कांस्टेबल बहादुर सिंह लूणकरणसर पहुंचे।
लूणकरणसर रेलवे स्टेशन पर घटना की जानकारी मिलने के बाद टाइगर फोर्स की टीम और रेलवे कर्मचारी मदद के लिए आगे आए। राकेश मूंड, धीरज जीनगर, राकेश नाई और प्रभु नाथ सहित अन्य लोगों ने बुजुर्ग को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हरमेश सिंह किन परिस्थितियों में ट्रेन से गिरे, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक का शव मोर्चरी में रखवाया गया है। आगे की कार्रवाई के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ