हरियाणा-पंजाब सीमा से सटा अरजनसर बन रहा नशे का हॉटस्पॉट, युवा पीढ़ी पर बढ़ता खतरा,पुलिस की कार्यवाही लगातार जारी,
हरियाणा-पंजाब सीमा से सटा अरजनसर बन रहा नशे का हॉटस्पॉट, युवा पीढ़ी पर बढ़ता खतरा,पुलिस की कार्यवाही लगातार जारी,
महेश देरासरी की विशेष रिपोर्ट
महाजन। बीकानेर जिले के अंतिम छोर पर हरियाणा-पंजाब सीमा से सटे महाजन थाना क्षेत्र के अरजनसर, जैतपुर और आसपास के गांवों में अवैध नशे का कारोबार लगातार फैलने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। क्षेत्र में अफीम, एमडी, गांजा, अमल, नशीली गोलियां सहित अन्य प्रतिबंधित मादक पदार्थों की उपलब्धता बढऩे से युवा पीढ़ी तेजी से इसकी गिरफ्त में आने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले समय में हालात और गंभीर हो सकते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार पहले क्षेत्र में सीमित स्तर पर पारंपरिक नशे का प्रचलन था। लेकिन अब सिंथेटिक ड्रग्स और अन्य प्रतिबंधित मादक पदार्थ भी आसानी से उपलब्ध होने लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध कारोबार का नेटवर्क लगातार मजबूत हो रहा है। क्षेत्र में जगह जगह नशीले प्रदार्थो की बिक्री की जा रही है। जिससे कई लोग खुलकर शिकायत करने से भी डरते हैं। वहीं कुछ स्थानीय लोगों की मिलीभगत से यह कारोबार दिनों-दिन बढ़ता जा रहा है।
स्कूली बच्चों तक पहुंचने का खतरा-:
ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि नशे का प्रभाव अब केवल युवाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि स्कूली छात्र भी इसकी चपेट में आने की आशंका है। अभिभावकों ने बच्चों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए स्कूलों, परिवारों और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है।
स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था पर असर-:
मादक पदार्थों की लत मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डालती है। लंबे समय तक सेवन से अवसाद, मानसिक विकार और अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। वहीं नशे की लत चोरी, मारपीट, झगड़े और अन्य आपराधिक घटनाओं को भी बढ़ावा दे रही है। क्षेत्र में छोटी मोटी चोरियां लगातार हो रही है। चोरी की वारदातों को नशेडियों से जोड़ा जा रहा है।
पुलिस का अभियान जारी-:
महाजन पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी व बढ़ते अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। समय-समय पर कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जा रहा है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के कारोबार से जुड़ी किसी भी सूचना को गोपनीय रूप से साझा करें। ताकि दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
सीमावर्ती क्षेत्र होने से बढ़ी चुनौती-:
हरियाणा और पंजाब की सीमा से सटे होने तथा बाहरी लोगों के लगातार आवागमन के कारण भी क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार को बढ़ावा मिलने की आशंका जताई जा रही है। बाहरी लोगों के कारण नए नशों का प्रचलन भी तेजी से बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने सीमावर्ती इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने, निगरानी सख्त करने व लगातार विशेष अभियान चलाने की मांग की है।ताकि क्षेत्र को नशे के बढ़ते जाल से बचाया जा सके।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ