चाय-नाश्ते की दुकान में तोड़फोड़ और मारपीट का आरोप, सरपंच प्रतिनिधि सहित कई लोगों के खिलाफ शिकायत
चाय-नाश्ते की दुकान में तोड़फोड़ और मारपीट का आरोप, सरपंच प्रतिनिधि सहित कई लोगों के खिलाफ शिकायत
बीकानेर। गजनेर क्षेत्र में चाय-नाश्ते की दुकान में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में कोटड़ा निवासी कन्हैयालाल सांसी ने पुलिस को परिवाद देकर सरपंच प्रतिनिधि सहित कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिवादी कन्हैयालाल ने शिकायत में बताया कि दरबारी फांटा, जैसलमेर रोड पर उसकी चाय-नाश्ते की दुकान है, जिसे वह पिछले करीब पांच वर्षों से संचालित कर रहा है। आरोप है कि पंचायत चुनाव के दौरान वोट नहीं देने की बात को लेकर राजेन्द्र अध्यापक सरपंच प्रतिनिधि उससे रंजिश रखता था और लगातार दुकान बंद करवाने की धमकियां दे रहा था।
परिवादी के अनुसार, 27 नवंबर की रात करीब 10 से 10:30 बजे वह अपनी दुकान बंद कर रहा था। इसी दौरान एक कैंपर गाड़ी और मोटरसाइकिल पर कुछ लोग वहां पहुंचे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि राजेन्द्र अध्यापक सरपंच प्रतिनिधि, गिरधारी सिंह सांखला सहित अन्य लोग लाठी-डंडे, दाती और लोहे के पाइप लेकर आए तथा दुकान में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी।
कन्हैयालाल ने आरोप लगाया कि इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई और जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद वह अपनी जान बचाकर वहां से निकल गया। परिवादी ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर जांच कर रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ