माइनर के सिंचाई मशीन को तोडऩे को लेकर युवक के साथ मारपीट कर जान से मारने की दी धमकी
माइनर के सिंचाई मशीन को तोडऩे को लेकर युवक के साथ मारपीट कर जान से मारने की दी धमकी
बज्जू। चारणवाला माइनर के सिंचाई मशीन को तोडऩे के विवाद में एक युवक के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में 5 पीएसएम गोडू निवासी धर्मेंद्र पुत्र ओमप्रकाश विश्नोई ने रणजीतपुरा पुलिस थाने में रिपोर्ट देकर चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, परिवादी ने बताया कि 9 अक्टूबर को दोपहर करीब तीन बजे रामकुमार, हंसराज, सुभाष और राजाराम ने फोन कर उसे रामकुमार की ढाणी में बुलाया। वहां पहुंचने पर चारों ने चारणवाला माइनर के मोघे को तोडऩे की घटना के संबंध में उससे बात की और कथित रूप से मोघा तोडऩे की जिम्मेदारी अपने ऊपर लेने का दबाव बनाया। परिवादी के इनकार करने पर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि रामकुमार उसे घसीटते हुए बाहर लाया, जिसके बाद हंसराज ने उसके साथ मारपीट की। वहीं सुभाष और राजाराम पर बाल पकडक़र खींचने तथा मारपीट में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। परिवादी के अनुसार, आरोपियों ने उसके मुंह में रुमाल ठूंसने और कुल्हाड़ी से सिर पर वार करने का प्रयास भी किया, जिससे बचाव के दौरान उसके हाथ में चोट लग गई।परिवादी ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित लोग नहर के मोघे को तोडऩे और साइफन लगाने के लिए उस पर दबाव बना रहे थे। उसने पुलिस को बताया कि आरोपियों की बातचीत से संबंधित वॉयस रिकॉर्डिंग भी उसके पास मौजूद है। मारपीट में घायल होने के बाद उसका मेडिकल मुआयना करवाया गया।परिवादी की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच एएसआई राकेश मीणा को सौंपी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ