तीन टैंकरों से 1.20 लाख लीटर अवैध स्प्रिट बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार
तीन टैंकरों से 1.20 लाख लीटर अवैध स्प्रिट बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार
महाजन। आबकारी विभाग ने विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत अरजनसर-पल्लू मेगा हाईवे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन टैंकरों से करीब 1 लाख 20 हजार लीटर अवैध स्प्रिट बरामद की। कार्रवाई बीकानेर-हनुमानगढ़ जिले की सीमा के पास जैतपुर के पास आबकारी विभाग ने सूचना के आधार पर टीम ने सडक़ किनारे खड़े स्प्रिट से भरे टैंकरों पर कार्रवाई की। मौके पर आरोपी टैंकरों से ड्रमों में स्प्रिट निकालते हुए मिले। तलाशी के दौरान तीनों टैंकरों से 40-40 हजार लीटर स्प्रिट बरामद हुई। इसके अलावा ड्रमों में भरी करीब 600 लीटर स्प्रिट भी जब्त की गई। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि स्प्रिट पंजाब से भरकर सुजानपुर होते हुए गुजरात के सिधपुर-पाटन ले जाई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।आबकारी विभाग ने कार्रवाई के बाद आबकारी थाना लूणकरणसर में राजस्थान आबकारी अधिनियम 1950 की धारा 16/54 व 54ए के तहत मामला दर्ज किया है।यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त नमित मेहता के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त आबकारी आयुक्त बीकानेर जोन मनीषा लेघा के आदेश तथा उपायुक्त आबकारी निरोधक दल पोमाराम रोहिण के निर्देशन में की गई। जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी और सहायक आबकारी अधिकारी प्रताप सिंह डूडी के नेतृत्व में प्रहराधिकारी लूणकरणसर आबकारी थाना भगाराम ईनाणियां ने जाप्ते के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई में आबकारी थाना खाजूवाला के प्रहराधिकारी जयदयाल का भी विशेष योगदान रहा।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ