भैरव अष्टमी पर शिव शक्ति साधना पीठ में होगा दो दिवसीय आयोजन, अनूप जलोटा बिखेरेंगे भजनों की स्वर लहरियां
भैरव अष्टमी पर शिव शक्ति साधना पीठ में होगा दो दिवसीय आयोजन, अनूप जलोटा बिखेरेंगे भजनों की स्वर लहरियां
30 नवंबर को महापौर सहित पार्षदों का होगा अभिनंदन, 1 दिसंबर को भैरवनाथ की विशेष पूजा-अर्चना होगी
बीकानेर। गोकुल सर्किल स्थित शिव शक्ति साधना पीठ में भैरव अष्टमी के अवसर पर दो दिवसीय धार्मिक आयोजन किया जाएगा। भैरव उपासक एवं बॉलीवुड में विख्यात ज्योतिषाचार्य पंडित प्रदीप किराडू ने बताया कि 30 नवंबर को रात्रि 8 बजे साधना पीठ में जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह का आयोजन होगा। इसमें महापौर अनिल कल्ला, उपमहापौर पंकज गहलोत सहित 10 पार्षदों का अभिनंदन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 1 दिसंबर को भैरव अष्टमी के अवसर पर पीठ में भैरवनाथ की विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान होंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध भजन सम्राट पद्मश्री अनूप जलोटा शामिल होंगे। जलोटा अपनी सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियों से भक्तिमय वातावरण बनाएंगे। वे 1 दिसंबर को सुबह बीकानेर पहुंचेंगे तथा रात्रि विश्राम भी बीकानेर में ही करेंगे।
पिता की साधना स्थली को बनाया धर्म प्रचार का केंद्र
शिव शक्ति साधना पीठ की स्थापना पंडित प्रदीप किराडू के पिता मनमोहन किराडू ने की थी। यहां स्थित भैरव मंदिर में उन्होंने लंबे समय तक तप एवं साधना की। प्रदीप किराडू का बचपन धर्म और संस्कृति के वातावरण में बीता। युवावस्था में पिता की सीख से प्रेरित होकर उन्होंने ज्योतिष के क्षेत्र में गहन अध्ययन और शोध किया तथा बॉलीवुड में धर्म एवं ज्योतिष का प्रचार-प्रसार शुरू किया। अपनी विद्वत्ता और ज्योतिषीय ज्ञान के दम पर उन्होंने फिल्मी दुनिया में विशिष्ट पहचान बनाई। वे बॉलीवुड के चर्चित ज्योतिषाचार्यों में शामिल हैं। सलमान खान के लोकप्रिय टीवी शो बिग बॉस में भी उन्होंने कई प्रतिभागियों का लाइव ज्योतिषीय फलादेश किया था। इसके बाद उनकी पहचान देशभर में और अधिक व्यापक हुई।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ