बीकानेर के इस गांव में डेंगू का बढ़ा खतरा, एक महीने में मिले 15 पॉजिटिव मरीज
बीकानेर के इस गांव में डेंगू का बढ़ा खतरा, एक महीने में मिले 15 पॉजिटिव मरीज
सीएमएचओ डॉ. पुखराज साध ने टीम के साथ किया दौरा, 40 सर्वे टीमें गठित कर घर-घर जांच के निर्देश
बीकानेर। बीकोनर जिले के कालू गांव में सामने आए डेंगू पॉजिटिव मरीजों के चलते स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई। जानकारी के अनुसार पिछले एक माह में कालू गांव में कुल 15 डेंगू पॉजिटिव केस सामने आए है। एक गांव में इतने केस का आना कहीं ना कहीं चिंता का विषय है, इसे लेकर सीएमएचओ डॉ पुखराज साध ने अपनी टीम के साथ कालू गांव पहुंचे और बढ़ते डेंगू मरीजों को लेकर गहन समीक्षा की। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस साल डेंगू पर काफी नियंत्रण हुआ है, इस साल अब तक कुल 169 पॉजिटिव केस रिपोर्ट हुए है, जिसमें 44 केस नवंबर माह के है, उसमें भी 15 केस कालू गांव से सामने आए है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राहत की बात यह है कि डेंगू से अब तक इस साल एक भी मौत नहीं हुई। हालांकि सरकारी आंकड़ों में प्राइवेट आंकड़े शामिल नहीं है।
कालू व लूणकरणसर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम
डेंगू सहित मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा नियमित एक्टिव सर्विलांस, एंटी लार्वा तथा एंटी एडल्ट गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इन गतिविधियों की अधिकारियों द्वारा सघन मॉनिटरिंग भी की जा रही है। इसी क्रम में रविवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध अधिकारियों के दल के साथ लूणकरणसर के कालू पहुंचे और क्षेत्र में मौसमी बीमारियों की स्थिति की गहन समीक्षा की। दल में एपिडेमियोलॉजिस्ट नीलम प्रताप सिंह राठौड़, मच्छर विशेषज्ञ डॉ. अनिल वर्मा, डेटा मैनेजर प्रदीप चौहान, ब्लॉक सीएमओ डॉ. विभय तंवर तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालू की प्रभारी डॉ. ललिता लेघा सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे।
डॉ. साध ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालू में सभी सेक्टर कार्मिकों की बैठक लेकर तत्काल 40 सर्वे टीमें गठित कीं और उन्हें घर-घर सर्वे के लिए रवाना किया। उन्होंने प्रतिदिन किए जा रहे सर्वे कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की। डॉ. साध सहित अधिकारियों के दल ने डेंगू पॉजिटिव मरीजों के घरों तथा आसपास के 50 घरों में से कुछ घरों का निरीक्षण कर वहां की गई मच्छर नियंत्रण गतिविधियों का जायजा लिया। जहां कमियां पाई गईं, वहां संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश ब्लॉक सीएमओ को दिए।
टीम द्वारा क्षेत्र के बड़े जल स्रोतों के साथ-साथ छोटे जल स्रोतों का भी निरीक्षण किया गया। डॉ. साध ने आमजन से समझाइश करते हुए कहा कि वे अपने घरों और आसपास खुले स्थानों पर पानी एकत्रित न होने दें तथा मच्छरों के पनपने की स्थितियां समाप्त करने में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें।
मच्छर विशेषज्ञ डॉ. अनिल वर्मा ने नुक्कड़ सभाओं एवं आमजन से संवाद के माध्यम से मच्छर के जीवन चक्र और मच्छरों से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
एपिडेमियोलॉजिस्ट नीलम प्रताप सिंह राठौड़ ने बताया कि जिले में इस वर्ष अब तक डेंगू के 169 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं, जो गत वर्षों की तुलना में काफी कम हैं। हालांकि कालू क्षेत्र में एक ही माह में 15 डेंगू पॉजिटिव मामले सामने आने के कारण सीएमएचओ डॉ. पुखराज साध के निर्देशानुसार विशेष सघन कार्रवाई की योजना बनाई गई है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ