सीएम भजनलाल शर्मा से मिले युवा नेता सोनी, माँ करणी का चित्र किया भेंट
खुलासा न्यूज,बीकानेर। युवा मोर्चा के प्रदेश सोशल मीडिया सह-प्रभारी मदनगोपाल सोनी ने आज जयपुर स्थित मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 134वें संस्करण के मन की बात कार्यक्रम का श्रवण किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र निर्माण, पर्यावरण संरक्षण, नवाचार, सामाजिक सहभागिता, युवा शक्ति एवं विकसित भारत के संकल्प जैसे विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए। मुख्यमंत्री आवास पर उपस्थित युवाओं एवं कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी संदेशों को गंभीरता से सुना और उन्हें जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
मन की बात कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री आवास में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में भी मदनगोपाल सोनी ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इस अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष शंकर गोरा के नेतृत्व में युवा मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से भेंट की।
भेंट के दौरान मदनगोपाल सोनी ने बीकानेर की आराध्य देवी माँ करणी की तस्वीर मुख्यमंत्री को भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने श्रद्धापूर्वक माँ करणी के चित्र को स्वीकार करते हुए प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं विकास की कामना की। इस दौरान उपस्थित युवाओं ने मुख्यमंत्री से मार्गदर्शन प्राप्त किया तथा प्रदेश के विकास, युवाओं की भागीदारी और संगठनात्मक गतिविधियों पर सकारात्मक चर्चा की।
मदनगोपाल सोनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम से समाज के प्रत्येक वर्ग को प्रेरणा मिलती है तथा युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश प्राप्त होता है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ