फर्जी मोबाइल लिंक का सहारा लेकर दो लोगों से 5 लाख रुपये से अधिक की रकम हड़पी
फर्जी मोबाइल लिंक का सहारा लेकर दो लोगों से 5 लाख रुपये से अधिक की रकम हड़पी
, बीकानेर। जिले में साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामलों में ठगों ने ओटीपी और फर्जी मोबाइल लिंक का सहारा लेकर दो लोगों से 5 लाख रुपये से अधिक की रकम हड़प ली। दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला सदर थाना क्षेत्र का है। धर्मनगर द्वार निवासी आनंद सारस्वत ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 16 नवंबर 2026 की शाम उसके मोबाइल पर एक ओटीपी आया। ओटीपी साझा करने के कुछ ही देर बाद उसका मोबाइल हैंग हो गया और लगातार मैसेज आने लगे। बाद में पीएनबी ऐप चेक करने पर पता चला कि उसके बैंक खाते से 3 लाख 20 हजार 340 रुपये निकाल लिए गए। इस संबंध में सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
वहीं दूसरा मामला गंगाशहर थाना क्षेत्र का है। रोशनी घर के पीछे महावीर भवन के पास निवासी मुकेश कुमार डागा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 20 नवंबर को उनके फूफाजी देवचंद भादाणी, निवासी, इंदौर के मोबाइल पर एक लिंक आया। लिंक पर क्लिक करते ही साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से 1 लाख 85 हजार 70 रुपये निकाल लिए। इस मामले में गंगाशहर थाना पुलिस ने जीरो नंबरी एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दोनों मामलों में पुलिस साइबर ठगों की पहचान और रकम के लेन-देन की जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ