बीकानेर: मंत्री की आपत्ति के बाद सीएमओ पहुंचा मामला, प्रिंसिपल-अधीक्षक आमने-सामने हुए, पढ़े ये खबर
बीकानेर: मंत्री की आपत्ति के बाद सीएमओ पहुंचा मामला, प्रिंसिपल-अधीक्षक आमने-सामने हुए, पढ़े ये खबर
बीकानेर। शहर में कुछ समय पहले तैयार हुई मेडिसिन विंग में कैंटीन के ठेके को लेकर विवाद सामने आया है। जानकारी के अनुसार इसको लेकर मंत्री ने भी आपत्ति दर्ज करवाई है। बताया जा रहा है इसको लेकर जवाब-तलब किया गया है। मामला सीएमओ तक जा पहुंचा है। चिकित्सा शिक्षा आयुक्त ने एसपी मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल से इस संबंध में फैक्चुअल रिपोर्ट मांगी है। नई मेडिसिन विंग का संचालन कर रहे प्राइवेट ट्रस्ट ने हाल ही में कैंटीन का एग्रीमेंट एक बहुराष्ट्रीय कंपनी की जोधपुर स्थित फ्रेंचाइजी के साथ किया है। इसमें बीकानेर के स्टेशन रोड स्थित एक होटल के संचालक भी शामिल हैं।
कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा को जब इस बात का पता चला तो उन्होंने प्रिंसिपल से जवाब-तलब किया और सीएमओ में शिकायत कर आपत्ति दर्ज कराई। इसके बाद मामला चिकित्सा शिक्षा आयुक्त के पास पहुंचा, जिस पर उन्होंने प्रिंसिपल डॉ. सुरेंद्र वर्मा से कैंटीन के एग्रीमेंट से संबंधित पूरे मामले की फैक्चुअल रिपोर्ट मांगी है। इस मामले में विवाद तब और बढ़ गया जब प्रिंसिपल ने पीबीएम अधीक्षक से फैक्चुअल रिपोर्ट मांगी। जवाब में अधीक्षक ने लिखा कि इस संबंध में सभी पत्राचार कॉलेज स्तर से हुए हैं। उन्होंने 21 अगस्त को संभागीय आयुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक का हवाला देते हुए लिखा कि इसका फैसला उसी बैठक में हुआ था। अधीक्षक का कहना है कि कैंटीन के एग्रीमेंट को लेकर उनकी तरफ से अलग से कोई आदेश जारी नहीं किए गए हैं।
उधर, प्रिंसिपल का कहना है कि बैठक का कार्यवाही विवरण (मिनट्स) अधीक्षक के हस्ताक्षर से जारी हुआ था और पीबीएम अस्पताल व आरएमआरएस से संबंधित सभी फैसले उन्हीं के आदेश से होते हैं। बहरहाल, इस मामले को लेकर दोनों ही चिकित्साधिकारियों में ठन गई है। इसी खींचतान के चलते बुधवार को चिकित्सा शिक्षा आयुक्त को फैक्चुअल रिपोर्ट नहीं भेजी जा सकी।
कुछ दिनों से चल रहा बधाइयों का दौर
इसको लेकर बीकानेर के स्टेशन रोड स्थित होटल संचालक मनीष पुरोहित नटसा को बधाई और कैंटीन के वीडियो भी काफी वायरल हो रहे है। चर्चा ये भी है की भाजपा राज में कांग्रेस नेता को ठेका दिया गया है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ