पार्किंग विवाद में टेक महिंद्रा के एशिया हेड की गोली मारकर हत्या, पड़ोसी पर 15 राउंड फायरिंग का आरोप
पार्किंग विवाद में टेक महिंद्रा के एशिया हेड की गोली मारकर हत्या, पड़ोसी पर 15 राउंड फायरिंग का आरोप
फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में टेक महिंद्रा के एशिया हेड परमजीत धनखड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि पड़ोसी मोनू शर्मा ने शुक्रवार रात अपनी लाइसेंसी पिस्टल से उन पर करीब 15 राउंड फायरिंग की। परमजीत को 9 गोलियां लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच पार्किंग में कुत्ते को शौच कराने और गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार रात परमजीत जिम से लौटे और अपनी निर्धारित पार्किंग में खड़ी मोनू की गाड़ी हटाने को कहा। इसी दौरान आरोपी ने उन पर गोलियां चला दीं।
वारदात के बाद आरोपी परिवार सहित फरार हो गया। परमजीत के बेटे शौर्य की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और वहां से कारतूसों के खोल बरामद किए।
चार दिन पहले भी हुआ था विवाद
परमजीत का परिवार सेक्टर-21C की बिल्डिंग नंबर 641 की पहली मंजिल पर रहता था, जबकि आरोपी का परिवार तीसरी मंजिल पर रहता है। सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद के मुताबिक, चार-पांच दिन पहले भी मोनू और शौर्य के बीच झगड़ा हुआ था, हालांकि उस समय मामला सुलझ गया था।
परमजीत सिंगापुर में रहते थे और 5 नवंबर को भारत आए थे। उन्हें 24 नवंबर को अपने भांजे की शादी में शामिल होना था। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ