अनियंत्रित होकर पलटी कार, 31 वर्षीय युवक की मौत, एक घायल PBM रेफर
अनियंत्रित होकर पलटी कार, 31 वर्षीय युवक की मौत, एक घायल PBM रेफर
राजलदेसर जाने की बात कहकर घर से निकला था युवक, हादसे में चालक भी घायल; परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
श्रीडूंगरगढ़। क्षेत्र के मोमासर से लाछड़सर जाने वाले मार्ग पर बीती रात कार पलटने से बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना में कार सवार 31 वर्षीय युवक अशोक शर्मा की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद फिरोज घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस को दी रिपोर्ट में मोमासर निवासी 40 वर्षीय सुंदरलाल पुत्र लूणाराम ब्राह्मण ने बताया कि गुरुवार शाम उसका चचेरा भाई अशोक पुत्र पूनमचंद शर्मा राजलदेसर जाने की बात कहकर गांव के ही फिरोज पुत्र समसुद्दीन के साथ उसकी कार लेकर गया था।
रात 1:55 बजे मिली हादसे की सूचना
परिवादी के अनुसार, रात करीब 1:55 बजे उसे लाछड़सर रोड पर कार दुर्घटनाग्रस्त होने और मोमासर सीएचसी में अशोक की मौत हो जाने की सूचना मिली। हादसे में फिरोज भी घायल हुआ, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार अनियंत्रित होकर पलट गई थी और उसमें सवार दोनों लोग घायल हो गए थे। मृतक का शव श्रीडूंगरगढ़ उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
चालक पर लापरवाही का आरोप
परिवादी ने कार चालक फिरोज पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज करवाया है।
पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच हेड कांस्टेबल गणेशराम को सौंपी गई है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ