भूखंड पर बाड़ लगाने के विवाद में चाचा-भतीजे पर हमला, पिता-पुत्र को 7-7 साल की सजा
भूखंड पर बाड़ लगाने के विवाद में चाचा-भतीजे पर हमला, पिता-पुत्र को 7-7 साल की सजा
अपर सेशन न्यायाधीश नवनीत का फैसला, दोनों दोषियों पर कुल 34 हजार रुपए जुर्माना; घायल को मिलेंगे 30 हजार रुपए
बीकानेर। जमीन के खाली भूखंड पर बाड़ लगाने को लेकर हुए विवाद में चाचा-भतीजे पर जानलेवा हमला करने के मामले में अदालत ने पिता-पुत्र को दोषी करार दिया है। अपर सेशन न्यायाधीश नवनीत ने दोनों आरोपियों को सात-सात वर्ष के कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही प्रत्येक आरोपी पर अलग-अलग धाराओं में कुल 17 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है।
2016 में हुआ था विवाद
प्रकरण के अनुसार, 20 जनवरी 2016 को आरोपी भोम सिंह, उसका पुत्र दिलीप सिंह और पत्नी मगनी कंवर एकराय होकर परिवादी राजू सिंह के घर के पास स्थित खाली भूखंड पर बाड़ लगाने पहुंचे थे। परिवादी और उसके पिता ने उन्हें यह कहते हुए रोका कि उक्त भूखंड उनके परिवार के सदस्य सुमेर सिंह के हिस्से में आता है। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
कुल्हाड़ी और फावड़े से किया हमला
आरोप के मुताबिक, विवाद के दौरान दिलीप सिंह ने कुल्हाड़ी से परिवादी राजू सिंह पर पीछे से तीन वार किए, जिससे वह नीचे गिर गया। वहीं भोम सिंह ने फावड़े के पिछले हिस्से से परिवादी और उसके पिता पर हमला किया। मगनी कंवर ने भी परिवादी के पिता पर जेई से वार किया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में परिजनों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
अदालत ने सुनाई सात-सात साल की सजा
घटना के बाद कोलायत पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया था। जांच पूरी होने पर दिलीप सिंह और भोम सिंह के खिलाफ आरोप पत्र पेश किया गया। सुनवाई के दौरान अदालत ने दोनों को भारतीय दंड संहिता के तहत दोषी माना और सात-सात वर्ष के कारावास की सजा सुनाई।
अदालत ने प्रत्येक आरोपी पर 17 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माने की राशि जमा होने और अपील की अवधि समाप्त होने के बाद उसमें से 30 हजार रुपए घायल राजू सिंह को क्षतिपूर्ति के रूप में दिए जाएंगे।
परिवादी की ओर से अधिवक्ता नरेंद्र सिंह राजपुरोहित ने पैरवी की।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ